जनरल स्टोर्स में लगी भीषण आग 4 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान

जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के संजीवनी अस्पताल के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोगों ने एक जनरल स्टोर्स की दुकान में आग लगी देखी। इसके बाद तत्काल दमकल अमले को सूचना दी गई। कुछ देर बाद पहुंचे दो दमकल वाहनों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान में लगी आग से करीब ४ लाख रुपए की सामग्री जलकर खाक होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
दमकल अमले से मिली जानकारी के अनुसार संजीवनी अस्पताल के पास मोहम्मद फिरोज की किराने की दुकान है। रात में वह दुकान बंद करके सोने के लिए घर चला गया था। रात करीब ३ बजे दुकान से धुंआ निकलने लगा। लोग कुछ समझ पाते इसके पहले ही आग भड़क उठी। आग की लपटें देख स्थानीय लोग दहशत में आ गए। तत्काल दमकल अमले को सूचना दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे दो दमकल वाहनों ने करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद आग बुझाई। हालाकि इस दौरान दुकान में रखी सामग्री जलकर खाक हो गई थी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। ४ लाख रुपए की सामग्री जलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
