जमीन विवाद पर कारोबारी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी से करीब 15 किलोमीटर दूर बहनाकाड़ी गांव में कारोबारी की हत्या कर दी गई। विवाद जमीन पर कब्जे की वजह से शुरु हुआ था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि मृतक उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहता था, इसलिए उसने उसे मार दिया। शनिवार की सुबह पुलिस को बहनाकाड़ी गांव में शव के पड़े होने की सूचना मिली तब इस हत्याकांड का पता चला। फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए शव को रायपुर भेजा गया है। मृतक इसी इलाके में ढाबा चलाता था।
बताया जा रहा है कि मृतक प्रभात और आरोपी की जमीन बहनाकाड़ी गांव से कुछ ही दूरी पर है। देर रात प्रभात शत्रुघ्न की जमीन पर मुरुम डलवाकर अपने प्लॉट पर जाने के लिए रास्ता बनवा रहा था। गांव में किसी ने इसकी खबर शत्रुघ्न को दी। तीन सालों से चल रहे विवाद की वजह से पहले ही शत्रुघ्न और प्रभात के बीच कई झगड़े हो चुके थे।
रात में शत्रुघ्न अपने प्लॉट पर पहुंचा। शत्रुघ्न गांव में चाय का ठेला लगाता है, वो ठेले को साथ लेकर आया और प्लॉट पर रख दिया। जब प्रभात ने ठेला हटाने को कहा तो शत्रुघ्न से उसका विवाद हो गया। दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान शत्रुघ्न ने सब्बल (रॉड नुमा औजार) उठाकर प्रभात के सिर पर जोरदार वार किया। जिससे मौके पर ही प्रभात की मौत हो गई। शत्रुघ्न उसे छोड़कर भाग गया। शनिवार की सुबह पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की तो झगड़े के बारे में पता चला। पुलिस ने गांव में छिपे आरोपी को पकड़ कर हिरासत में ले लिया है।
