जालंधर में आज से मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नीशियंस हड़ताल पर

जालंधर। जालंधर में सप्ताह के पहले दिन सोमवार को आप सिविल अस्पताल में इलाज करवाने के लिए जा रहे हैं तो थोड़ा संभल कर जाएं। सोमवार को लेबोरेटरी टेक्निशियन भी हड़ताल पर हैं और आपको हर अस्पताल में लैब टेस्ट की सुविधा से वंचित रहना पड़ेगा। मांगों को लेकर पंजाब लेबोरेटरी टेक्नीशियंस एसोसिएशन भी मांगों को लेकर हड़ताल करेगी। प्रधान सुखविंदर सिंह, सचिव लखविंदर सिंह तथा वरिष्ठ उपप्रधान सर्बजीत लाल ने बताया कि लंबे अर्से से लंबित मांगों के आधार पर मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नीशियंस एसोसिएशन पंजाब के आह्रान पर 24 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
हड़ताल के दौरान पूरी तरह से कामकाज ठप किया जाएगा और इससे मरीजों को होने वाले नुकसान के लिए सरकार जिम्मेवार होगी। इस संबंध में सिविल सर्जन डा. रणजीत सिंह व मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. सीमा को पहले ही ज्ञापन दिया जा चुका है। सेहत विभाग में नर्सों के अलावा नेशनल हेल्थ मिशन, नशा छुड़ाओ केंद्र में ठेके पर तैनात कर्मियों पक्के करने की मांग को लेकर पिछले काफी दिनों से हड़ताल चल रही है। हड़ताल के चलते सिविल अस्पताल में दाखिल होने वाले मरीजों की संख्या औसतन दस के करीब रह गई है। नर्सिंग एसोसिएशन की प्रधान कांता कुमारी ने बताया कि राज्य सरकार ने 26 दिसंबर तक समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल हड़ताल जारी रहेगी। आज खरड़ में नर्सों की राज्य स्तरीय रैली की जाएगी।
