जोधपुर में टूटा रिकॉर्ड, एक दिन में मिले 1144 नए मरीज, 24 घंटे में 23 की मौत

जोधपुर. शहर में कोरोना संक्रमण से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. शहर में अब तक का सबसे बड़ा कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा सामने आ गया है. जोधपुर सीएमएचओ की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में जोधपुर में रिकॉर्ड 1144 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. पिछले 24 घंटे में 23 मरीजो की मौत हो चुकी है. इतनी बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है. इस बीच 16 दिनों में कोरोना संक्रमण के 7869 केस सामने आ चुके हैं.
जोधपुर में एक साथ कोरोना के 1144 मरीजों के सामने आने के बाद अस्पतालों की व्यवस्था भी बिगड़ने लगी है. बताया गया कि इससे पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में शहर के मरीजों का आंकड़ा सामने नहीं आया था. पिछले साल नवंबर में एक दिन में 1100 मरीज मिले थे, लेकिन पिछले 24 घंटों के आंकड़े ने कोरोना मरीजों के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया है. इससे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. कोरोना मरीजों की रिकॉर्ड संख्या के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जागरूकता अभियान में तेजी लाने की बात कही है. वहीं, प्रशासन भी कोरोना गाइडलाइंस का पालन कराने के लिए सख्ती बरत रहा है.
इधर, कोरोना संक्रमण की वजह से शहर में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं. एसएन मेडिकल कॉलेज के दो अस्पतालों में बेड की कमी है. एम्स अस्पताल में भी अब कोई बेड कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए नहीं बचा है. जोधपुर में कोरोना संक्रमण अब जानलेवा होता जा रहा है. शहर के अस्पतालों में पिछले 24 घंटे में 23 मरीजों की मौत कोरोना संक्रमण के चलते हो चुकी है. हालात यहां तक पहुंच चुके हैं कि हर घंटे में एक मरीज की कोरोना से मौत हो रही है. शहर का शास्त्रीनगर, मसुरिया, मधुबन, बनाड़ सबसे ज्यादा संक्रमित हैं, जहां से रोजाना 100 से ऊपर मरीज सामने आ रहे हैं.
