झारखंड में 1 मार्च से खुलेंगे सभी स्कूल और कॉलेज, जानें क्या हैं नियम

झारखंड . झारखंड में कोरोना संक्रमण के कारण बंद सभी स्कूल और कॉलेज एक मार्च 2021 से खुलेंगे. इस संबंध में राज्य सरकार ने गाइडलाइन जारी की हैं. जारी दिशा- निर्देश के अनुसार कक्षा 8वीं से 11वीं तक से सभी स्कूल 1 मार्च 2021 से खुलेंगे. साथ ही आईटीआई संस्थान को भी शुरू किया जाएगा. वहीं अब सरकारी कार्यालयो में भी कर्मचारियों की उपस्थिति 100 फीसदी होगी. यह फैलसा सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया.
अभी नहीं खुलेंगे कंटेनमेंट जोन के स्कूल
सरकार के अनुसार अभी केवल उन्हीं स्कूलों को खोलने का फैसला किया गया है, जो कंटेनमेंट जोन के बाहर है. कंटेनमेट जोन में स्थित स्कूलों को खोलने को लेकर अभी कोई फैसला नहीं किया गया है. वहीं विश्वविद्यालय यूजीसी के दिशा-निर्देश के अनुसार कार्य करेंगे.
50 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे सिनेमाघर
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बैठक में सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 50 फीसदी क्षमता के साथ सिनेमाघरों को भी शुरू किया जा सकता है. वहीं राज्य में खेल आदि कार्यक्रमों का आयोजन खुली जगह में 1 हजार लोगों की क्षमता के साथ शुरू हो सकेंगे. होटलों में बने स्वीमिंग पूल अभी बंद रहेंगे.
एक अप्रैल से शुरू होंगे आंगनबाड़ी केंद्र
इसी के साथ ही राज्य में एक अप्रैल से सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी खोलने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकरियों को निर्देश देते हुए सीएम ने कहा कि केंद्र खुलने से पहले आंगनबाड़ी सेविका का टीकाकरण सुनिश्चित होना चाहिए.
बैठक में सीएम ने कहा कि संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी हुई है, लेकिन अभी भी मरीज है. ऐसे में राज्य में सुरक्षा के सभी निर्देशों का पालन सख्ती से होना चाहिए. राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर बाहर से आने वाले लोगों के सैंपल लेने के भी निर्देश सीएम ने दिए हैं.
गाइडलाइन का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
घर से बाहर निकले और सार्वजनिक स्थानों का मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य किया गया है. कोरोना संक्रमण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन नहीं करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की जाएगी.
