हॉकी की नर्सरी सिमडेगा में पहली बार होगा राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन, CM हेमंत करेंगे उद्घाटन

सिमडेगा. झारखंड के सिमडेगा जिला (Simdega) को पहली बार राष्ट्रीय स्तर के हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन का मौका मिला है. सिमडेगा को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है. इसी को देखते हुए हॉकी इण्डिया ने जिले को ये मौका दिया है. जिले में पहली बार भारतीय सब जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता (Indian Sub Junior Women's Hockey Championship) का आयोजन 10 मार्च से होगा. इसमें 27 राज्यों की टीम भाग लेंगी. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन (Hemant Soren) प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे. हॉकी इण्डिया के अध्यक्ष भी उद्घाटन समारोह में शरीक हो सकते हैं.
भारतीय सब जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन को देखते हुए झारखण्ड हॉकी संघ ने झारखंड टीम के लिए सम्भावित 30 खिलाड़ियों का कैम्प लगाया है. सिमडेगा के एसएस बालिका हॉकी सेंटर में ये खिलाड़ी प्रैक्टिस में जुटी हैं. कोच तारणी कुमारी की निगरनी में खिलाड़ियों का प्रैक्टिस शुक्रवार से शुरू हो गया.
सिमडेगा जिले का करंगागुड़ी गांव हॉकी के लिए फेमस है. इस गांव की आधा दर्जन बेटियां देश के लिए हॉकी खेल रही हैं. प्रैक्टिस कैंप में शामिल इसी गांव की खिलाड़ी अनुप्रिया कुमारी का कहना है कि वह झारखण्ड टीम में चयनित होने के लिए काफी मेहनत कर रही है. आगे उसका लक्ष्य देश की तरफ से खेलने का है. कोच तारणी कुमारी का कहना है कि सिमडेगा के लिए ये बड़ी बात है. कोशिश ये है कि झारखण्ड की टीम इस प्रतियोगिता को जीते.
प्रतियोगिता के आयोजन के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से भी तैयारी शुरू हो गई है. जिले के उपायुक्त सुशांत गौरव ने गुरुवार शाम एक बैठक कर स्थानीय विधायक और खेल संघ के लोगों के साथ विचार-विमर्श किया.
