टिकट के लिए घमासान के बीच राहुल गांधी से मिले सिद्धू , धुंआधार प्रचार के लिए तैयार

कांग्रेस में मचे टिकट के घमासान के बीच फायर ब्रांड नवजोत सिंह सिद्धू रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मिले। इस मुलाकात से राजनीतिक हलके में चर्चा छिड़ गई कि राहुल और सिद्धू के बीच नवजोत कौर सिद्धू को बठिंडा से चुनाव लड़वाने पर चर्चा हुई। हालांकि सिद्धू ने कहा कि उनकी मुलाकात पार्टी के चुनाव प्रचार की रणनीति को लेकर थी। दस अप्रैल से वे प्रचार शुरू करेंगे। उल्लेखनीय है कि सिद्धू कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैैं।

दांतों का आपरेशन करवा कर 'विश्राम' कर रहे सिद्धू ने राहुल से मुलाकात कर अचानक अपनी सक्रियता बढ़ा दी है और प्रचार के लिए तैयार हो गए हैैं। अपनी पत्नी नवजोत कौर का चंडीगढ़ से टिकट कटने से सिद्धू खासे निराश चल रहे थे। इसके बाद यह उम्मीद की जा रही थी कि उनकी पत्नी को अमृतसर से टिकट मिल सकता है। अमृतसर के सांसद गुरजीत औजला के समर्थन में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आने से नवजोत कौर का नाम अमृतसर सीट के लिए भी नहीं चला।

वहीं, कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी में यह चर्चा हुई कि नवजोत कौर बठिंडा में हरसिमरत कौर बादल के सामने मजबूत उम्मीदवार हो सकती हैं। स्क्रीनिंग कमेटी ने यह फैसला पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी पर छोड़ दिया था क्योंकि नवजोत कौर सिद्धू ने अमृतसर छोड़ने से साफ मना कर दिया था। इसके बाद यह तय माना जा रहा था कि राहुल गांधी इस मामले में अपनी वीटो पावर यूज कर सकते हैं। शनिवार को सुबह राहुल गांधी ने प्रदेश की तीन सीटों पर प्रत्याशियों के नामों पर मोहर लगाई। इसके बाद रविवार को सिद्धू ने राहुल गांधी के साथ मुलाकात की।

बठिंडा सीट को लेकर हुई चर्चा

पार्टी के उच्च स्तरीय सूत्र बताते हैं कि इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं की चर्चा बठिंडा सीट को लेकर भी हुई। कांग्रेस के पास बठिंडा में शिअद की हरसिमरत कौर बादल का मुकाबला करने के लिए मजबूत चेहरा नहीं है। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि सिद्धू ने क्या अपनी पत्नी को बठिंडा भेजने से इन्कार किया या राहुल ने केवल सिद्धू का मन टटोला।

अहमद पटेल से भी मिले

सिद्धू ने ट्वीट कर कहा कि उनकी मुलाकात अगले 40 दिनों तक चलने वाले चुनाव प्रचार को लेकर थी। राहुल ने उन्हें अहमद पटेल से मिलने के लिए कहा। अहमद पटेल के साथ उनकी चुनाव प्रचार को लेकर चर्चा हुई। बहरहाल टिकट के घमासान के बीच सिद्धू द्वारा राहुल गांधी से मुलाकात के बाद यह चर्चा छिड़ गई है कि सिद्धू अपने कथन पर टिके हुए हैं और अपनी पत्नी को बठिंडा नहीं भेजना चाहते हैं।

Leave a Reply