टीम के प्रयासों से जीत मिली : मुर्तजा

लंदन ।  बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में जीत का श्रेय टीम के प्रयासों को दिया है। बांग्लादेश ने यहां आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2019 के अपने पहले मैच में रविवार को दक्षिण अफ्रीका को 21 रनों से हराकर टूर्नमेंट में विजयी शुरुआत की। मुर्तजा ने मैच के बाद कहा, ‘टॉस हारने के बार पहले बल्लेबाजी करने से हम खुश थे। हां, कुछ संदेह था पर हम जानते थे कि इस विकेट पर पहले भी बल्लेबाजी की जा चुकी है, इसलिए बल्लेबाजी कोई बुरा विकल्प नहीं है। मुशफिकुर हमेशा इसी तरह की पारी खेलते हैं। उनके अलावा शाकिब ने अच्छी बल्लेबाजी की। शुरू में सौम्य ने एक अच्छा प्लेटफॉर्म दिया।’
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 330 रन का अपने एकदिवसीय इतिहास का सबसे ज्यादा स्कोर बनाया और फिर दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम को निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 309 रनों पर समेट दिया। विजेता कप्तान ने कहा, ‘हमें पता था कि हमें सही क्षेत्र में गेंदबाजी करनी होगी और विकेट लेने के लिए गेंदबाजों को बदलते रहना होगा। अच्छी बात यह रही पूरी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। बाद में स्पिनरों ने अच्छा साथ निभााया।’ मुर्तजा ने भारी संख्या में मैच देखने आए दर्शकों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘दर्शकों ने हमें काफी अच्छा समर्थन। उम्मीद है कि आगे भी हमे ऐसा ही समर्थन मिलेगा।’ 

Leave a Reply