ट्यूबवेल के पानी से शुगर, पेट-चर्म रोग ठीक होने की अफवाह सुन हजारों की भीड़ जुटी

रेवाड़ी के गांव गुजरीवास में एक ट्यूबवेल से शुगर फ्री पानी निकलने की अफवाह फैली है। शुगर, पेट व चर्म रोग ठीक होने की चर्चा सुनकर हरियाणा के साथ ही राजस्थान और दिल्ली तक के हजारों लोग ट्यूबवेल का पानी लेने पहुंच रहे हैं। गांव में इस तरह भीड़ उमड़ती देख डीसी अशोक शर्मा ने पानी की जांच के लिए एडीसी प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी।
इसमें जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन, सीएमओ, एक बीडीपीओ को शामिल किया है। कमेटी दो दिन में रिपोर्ट सौंपेगी। जिला स्वास्थ्य विभाग की शुरुआती जांच के अनुसार पानी में बैक्टीरिया है। इस लिहाज से यह पानी पीने लायक नहीं है। टेस्ट में भी खारा है। कैमिकल, फ्लोराइड और हार्डनेस आदि की जांच के लिए सैंपलिंग की गई है। रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी।
ऐसे फैली अफवाह :
जिस खेत में यह ट्यूबवेल है, वह माडूराम का है। उसने अली मोहम्मद को खेत बंटवारे पर दिया हुआ है। अली की पत्नी को शुगर है। अली ने दावा किया कि ट्यूबवेल पर रहते थे तो यही पानी पीते थे। इससे पत्नी को कुछ आराम हुआ तो दूसरे लोगों को बताया। अब सोशल मीडिया पर अफवाह फैली तो हुजूम उमड़ पड़ा। हजारों लोगों के पहुंचने के चलते आसपास के खेत मालिकों ने पार्किंग शुरू कर दी। गाड़ी के 50 रुपए तक लिए जा रहे हैं। वहीं, गुजरीवास पहुंचने के लिए गांव लालपुर से होकर गुजरना पड़ता हैं। लालपुर के घरों में पानी के छोटे ड्रम व बोतलें 50 से 200 रु. में बेची जा रही हैं।
