पीएनबी सेवा केंद्र से महज 40 सैकेंड में डेढ़ लाख रुपए लूट ले गए तीन बदमाश, CCTV में कैद घटना

यहां की शिवाजी कॉलोनी में चल रहे पंजाब नेशनल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से तीन बदमाश डेढ़ लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना गुरुवार दोपहर की है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। आरोपी पिस्टल के दम पर महज 40 सैकेंड में वारदात को अंदाज देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रूपनगर के रहने वाले संजय कुमार ने पीएनबी का ग्राहक सेवा केंद्र ले रखा है। उसके साथ उसका साला अमित बैठा हुआ था। घटना गुरुवार दोपहर 3 बजकर 18 मिनट की है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार मुंह पर कपड़ा बांधे दो युवक अंदर घुसते हैं और वे पिस्टल तान देते हैं।
आरोपी पैसों की डिमांड करने लगते हैं, पिस्टल देखकर दुकान के अंदर खड़ी एक महिला भी वहां से भाग गई। इसके बाद हैलमेट पहने तीसरा आरोपी भी वहां आ गया। तीनों ने हथियार के दम पर ग्राहक सेवा केंद्र से डेढ़ लाख रुपए कैश लूट लिया और वहां से भाग निकले। आरोपियों ने पूरी वारदात महज 40 सैकेंड में अंजाम दी। शिवाजी कॉलोनी थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
