ट्रिपल मर्डर से दहला बिहार: व्‍यवसायी ने पत्नी व बेटी की हत्या कर खुद को भी मार ली गोली

पटना । बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार की सुबह ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक घर से तीन लोगों के खून से लतपथ शव बरामद किए गए। बताया जाता है कि पटना के एक बड़े व्‍यवसायी ने पहले पत्नी और बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी, फिर खुद को भी गोली मारकर आत्‍महत्‍या कर ली। घटना में जिंदा बच गए एक बच्चे को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए नगर के एक निजी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के कारण फिलहाल अज्ञात हैं। 
विदित हो कि मृतक व्‍यवसायी इशांत ने हाल ही में पटना के खेतान मार्केट में रिटेल टेक्सटाइल दुकान की लॉन्चिंग की थी, जिसमें बॉलीवुड एक्‍ट्रेस अमीषा पटेल आईं थीं। इस परिवार का कपड़ा के साथ-साथ ज्वेलरी का भी व्यवसाय है। उनके नाम से पटना में कई दुकान और व्यावसायिक कंपलेक्स हैं। 

जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के किदवईपुरी में निशांत (37) पत्नी अल्का सर्राफ (35) औऱ दो बच्चों अनन्या (9) व इशान (4) के साथ रहते थे। निशांत पटना के एक बड़े व्‍यवसायी थे। राजधानी के खेतान मार्केट में उनकी कपड़े की दुकान है। बीती रात सभी खाना खाकर सो गए। सुबह जब काफी देर तक कोई नहीं उठा तो पड़ोस के लोगों को शक हुआ। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर बेड रूम में निशांत, उनकी पत्नी और बेटी के शव पड़े थे। 
घटना स्‍थल पर निशांत की नाक और मुंह से खून निकल रहा था। पत्नी और बेटी के शव भी खून से लथपथ थे। वहीं चार साल का छोटा बेटा इशान तड़प रहा था, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। 

करीब दो दशक से निशांत के गार्ड रामेश्वर के मुताबिक घटना सुबह आठ से नौ बजे के बीच की है। उनके अनुसार निशांत के बड़े भाई विक्की की पत्नी ने ऊपर से आवाज लगाते हुए बुलाया कि गैस सिलेंडर फट गया लगता है। तीसरी मंजिल पर पहुंचकर देखा तो माजरा कुछ और था। 
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। डीआइजी, एसएसपी, डीएसपी जांच के लिए  घटना स्थल पर पहुंचे। जोनल आइजी सुनील कुमार के मुताबिक मौके से निशांत का लिखा सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने घटना की जिम्मेदारी ली है। घटना स्‍थल से बरामद तीन खाली खोखे व पिस्टल बैलेस्टिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
 

Leave a Reply