डिरेल होने से बची बुंदेलखंड एक्सप्रेस, चालक ने रोकी ट्रेन

ग्वालियर। कानपुर में पूर्वा एक्सप्रेस के डिरेल होने की घटना को अभी ज्यादा दिन भी नहीं हुए थे कि अब महोबा के बेलाताल स्टेशन के पास चालक की सूझबूझ से बुंदेलखंड एक्सप्रेस डिरेल होने से बच गई। बांदा-झांसी रेल रूट पर पटरियां ढीली होने से झटके खाते हुए बुंदेलखंड एक्सप्रेस गुजरने की जानकारी पर पीछे आ रही तुलसी एक्सप्रेस को रोक दिया गया। पीडब्ल्यूआई स्टाफ ने पटरियों को कसा और करीब पौन घंटे बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। बांदा-झांसी रेल रूट पर ग्वालियर से बनारस की ओर जाने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस सोमवार की रात हरपालपुर क्रास करके बेलाताल स्टेशन की तरफ आ रही थी। चालक को अचानक झटके महसूस हुए तो ट्रेन को बेलाताल में रोक कर स्टेशन मास्टर विनय कुमार को जानकारी दी।स्टेशन मास्टर से जानकारी मिलने पर कंट्रोल ने कुलपहाड़ स्टेशन मास्टर को सूचना देकर पीडब्ल्यूआई की टीम मौके पर रवाना की। इस दौरान इलाहाबाद से मुंबई की ओर जाने वाली 12189 तुलसी एक्सप्रेस को बेलाताल में ही रात 12:53 बजे रोक दिया गया। पीडब्ल्यूआई स्टाफ के मनमनोहन व गैंग मैन दशरथ ने चेकिंग की तो पटरियों को ढीला पाया। इस पर उन्हें कसने का काम तत्काल शुरू किया गया। पटरियां कसने के बाद 2: 36 बजे तुलसी एक्सप्रेस को हरपालपुर की तरफ रवाना किया गया। इसके बाद रेलवे लाइन पर ट्रेनों का आवागमन सामान्य हो सका।

Leave a Reply