तेलुगु फिल्म से शुरु हुआ था मोनिका बेदी का सफर

अभिनेत्री मोनिका बेदी की जिंदगी किसी बॉलीवुड फिल्म की कहानी से कम नहीं है। मोनिका भले ही आज ग्लैमर वर्ल्ड से दूर हों लेकिन उनका नाम अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम की गर्लफ्रेंड होने की वजह से चर्चा में रहा है पर उनकी जिंदगी के कई अनकहे पहलू भी हैं।
मोनिका के पिता पेशे से डॉक्टर थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक साल 1979 उनके माता-पिता नॉर्वे जाकर रहने लगे। मोनिका ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से साहित्य की पढ़ाई की है। मोनिका इसके बाद अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई आईं। मोनिका ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत तेलुगु फिल्म ‘ताजमहल’ से की थी लेकिन मुम्बई आने के बाद फिल्में मिलने के साथ ही उनकी दोस्ती अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम से हो गयी। इस दोस्ती की वजह से बॉलीवुड की कई फिल्में मोनिका को मिलीं पर अपराध जगत भी उससे जुड़ गया।
मोनिका को 2002 में अबू सलेम के साथ पुर्तगाल में गिरफ्तार किया गया था।
मोनिका ने एक साक्षात्कार में कहा था, "सलेम से उनका संपर्क फोन के जरिए हुआ था। उस वक्त वे दुबई में थीं और सलेम ने अपना परिचय किसी दूसरे नाम से बिजनेसमैन के तौर पर करवाया था। करीब 9 महीनों तक फोन पर बात करने के बाद मोनिका सलेम से मिलने दुबई गईं वहां उसने बताया कि उसका असली नाम अबू सलेम है। मोनिका के मुताबिक उस वक्त उन्हें नहीं पता था कि अबू सलेम कौन है।"
मोनिका ने जेल की सजा भी काटी, लेकिन इसके बाद गुमनामी की जिंदगी जीने के बजाय उन्होंने एक नई शुरुआत की। 2008 में 'बिग बॉस' के दूसरे सीजन में नजर आईं। इसमे मोनिका ने अपना विनम्र और एकदम अलग ढंग का व्यक्तित्व पेश किया जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। इसके बाद वे कई रियलिटी शोज में नजर आईं। जिनमें ‘झलक दिखला जा’ और ‘देसी गर्ल’ प्रमुख हैं। फिर उन्हें 'सरस्वतीचंद्र' में गुमान का किरदार करने को मिला। यही नहीं, उन्होंने पंजाबी फिल्में भी कीं। मोनिका सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय है।
