दरगाह क्षेत्र से अचानक लापता हुईं तीन नाबालिग लड़कियां, मचा हड़कंप

राजस्थान के अजमेर में स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह से सटे यतीमखाने से तीन नाबालिग लड़कियां अचानक लापता हो गई है. पुलिस के मुताबिक तीनों बच्चियां सुबह इमाम बाड़ा स्कूल गई थी, लेकिन वे वापस नहीं लौटीं. काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो यतीम खाने के संचालक ने बच्चियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई है. बच्चियों की उम्र साढ़े बारह साल, 13 साल और 17 साल के करीब है.

दरगाह कमानी गेट स्थित यतीमखाना कमेटी के सदस्य एडवोकेट अब्दुल रशीद पुत्र अब्दुल हफीज ने पुलिस को दिए शिकायत में कहा कि यतीम खाना मोईनिया इस्लामियां में रहने वाली तीन लड़कियां कक्षा 9 वीं में पढऩे वाली माहेनूर व नाजिया और कक्षा 8वीं की छात्रा नाजमीन शेख लापता हो गई हैं. तीनों खादिम मौहल्ला इमाम बाड़ा स्थित ख्वाजा उस्मानिया स्कूल में पढ़ती थी. शनिवार सुबह 7 बजे तीनों यतीमखाने से स्कूल गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटी.

तलाश करने के बाद भी जब तीनों का कोई पता नहीं लगा तो रात में दरगाह थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराया गया है. मामले में दरगाह थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नाबालिग लड़कियों के लापता होने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. लापता लड़कियों की तलाश में कई जगह दबिश देने के साथ ही संदिग्ध लोगों की धरपकड़ और पूछताछ शुरू कर दी गई है.
 

Leave a Reply