दूसरी बार डकैती में कामयाब हुए तो लूट की रकम से भण्डारे के लिए निकाले 4 लाख रुपये

28 अप्रैल को नोएडा में महाशगुन बिल्डर्स के ऑफिस में डकैती पड़ी थी. बदमाश लाखों रुपये से भरी तिजौरी साथ ले गए थे. साथ ही सीसीटीवी की डीवीआर और कार भी ले गए थे. लेकिन पुलिस की कार्रवाही में 5 दिन बाद कुछ बदमशा पकड़े गए हैं.
लूटी गई कुछ रकम भी बरामद हुई है. कार और डीवीआर भी बदमाशों के पास से मिली है. साथ ही बदमाशों ने पूछताछ में बताया है कि लूट की रकम उन्होंने आपस में बांट ली थी. साथ ही चार लाख रुपये भण्डारे के लिए अलग से रख दिए थे.
शनिवार को खुलासा करते हुए नोएडा पुलिस ने बताया कि महाशगुन बिल्डर्स के हुए डकैती को करीब 17 बदमाशों ने अंजाम दिया था. इसमे एक महिला भी शामिल है. 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं 7 बदमाश अभी भी फरार हैं.
बदमाशों के पास से 8 लाख रुपये नकदी बरमाद हुई है. बदमाशों ने करीब 35 लाख रुपये की डकैती को अंज़ाम दिया था. पुलिस का कहना है कि बाकी की रकम फरार हुए बदमाशों के पास है. उन्हें भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.
पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को बताया कि डकैती के दूसरे दिन ही रकम का बंटवारा कर लिया था. सबसे पहले डकैती में दूसरी बार कामयाबी मिलने पर भण्डारे के लिए 4 लाख रुपये निकाले गए. 2 लाख रुपये जेल में बंद साथी बदमाशों की जमानत के लिए रखे गए.
बदमाशों का कहना था कि एक बार 17 अप्रैल को भी डकैती की कोशिश की गई थी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली. जब दूसरी बार कामयाबी मिली तो पहले से बोले गए भण्डारे का इंतज़ाम किया जा रहा था.
