दिग्विजय सिंह ने भाजपा और उनके नेताओं पर साधा निशाना, बोले-बिसाहूलाल अब बिकाऊ लाल हो गया

भोपाल । वो बिसाहूलाल नहीं बिकाऊ लाल है। ये कहना है मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का। जन जागरण यात्रा में शामिल होने राजगढ़ पहुंचे दिग्विजय ने बिसाहूलाल पर जुबानी हमला बोला है। सिंह ने आगे कहा कि मेरे मंत्रिमंडल में बिसाहूलाल ऐसी बात नहीं करते थे। ये संगत का असर है, जो बिसाहूलाल आज बिकाऊ लाल हो गया। सिंह ने आगे कहा कि एक भाजपा के नेता हैं। उन्होंने कहा बनिया और ब्राह्मण तो मेरी जेब में हैं। तो बिसाहूलाल जो आजकल बिकाऊ लाल हो गए हैं। बिकाऊ को लगा कि उन्हें भी कुछ बोलना चाहिए, उन्होंने ठाकुरों की महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। यह संगत का असर है। इसी के चलते वो बिगड़ गया।
राज्यसभा सांसद ने आगे कहा कि भाजपा के नेता ने कहा कि बनिया और ब्राह्मण मेरी जेब में हैं। इसका मतलब ये हुआ कि हम इन्हें खरीद सकते हैं। भाजपा के मंत्री ठाकुरों की महिला को अपमानित करते हैं। इन्हीं के एक और मंत्री कहते हैं कि कांग्रेस नेताओं के दांत तोड़ दो, घुटने तोड़ दो। यह मानसिकता भाजपा की है। इसी के चलते हम सब गांधीवादी इन्हें राम धुन सुना कर अहिंसा का रास्ता अपनाने के लिए पेरित करते हैं। उनसे कहते हैं कि ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान।
पीएम पर भी साधा निशाना
दिग्विजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मोदी सरकार की कृषिसमिति की बैठक थी। विषय था किसानों की आय दोगुनी कैसे करें? लेकिन अधिकतर सांसद मीटिंग में नहीं पहुंचे। इसी वजह से मीटिंग रद्द करनी पड़ी। जिसे लेकर राजगढ़ में सिंह ने कहा कि मोदी जी के सांसद खुद दुखी हैं, क्योकि वो पीएम के नाम से जनता से वादा कर तो कर लेते हैं, लेकिन वादा पूरा नहीं हो पाता। मोदी जी तो जनता के बीच, गांव में जाते नहीं हैं। अब जब जनता से किया वादा सांसद पूरा नहीं कर पाए, तो वे बेचारे अपने गांव कैसे जाएं। इसी के चलते वो अपने क्षेत्र में घूम नहीं घूम पा रहे हैं।

Leave a Reply