दिनदहाड़े रेलवे कर्मचारी को मारी ताबड़तोड़ गोलियां

लखनऊ. हुसैनगंज थाना क्षेत्र में रेलवे कर्मचारी (Railway Employee) शाहनवाज (Shahnawaz) पर दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने फायरिंग (Firing) की. इस फायरिंग में शाहनवाज को पेट और सीने में तीन गोलियां लगी हैं. गंभीर हालत में शाहनवाज को ट्रामा सेंटर में एडमिट कराया गया है. इस बीच लखनऊ के सड़क पर हुई इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) भी सामने आया है. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने शाहनवाज की बाइक से सटाकर पहली गोली मारी.
गोली लगने से जमीन पर गिरे शाहनवाज को उसके बाद फिर कई गोलियां मारी गई. इस फायरिंग में शाहनवाज को तीन गोलियां लगी हैं. मौके पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्र कर आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं. बताया जा रहा है कि जमीन के विवाद में चचेरे भाइयों ने इस वारदात को अंजाम दिया है.
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि शाहनवाज के भाई ने तहरीर दी है और चचेरे भाइयों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है. शाहनवाज को तीन गोलियां लगी हैं. उसका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है. भाई के मुताबिक प्रॉपर्टी विवाद चल रहा था. मामले में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं. आरोपियों की गिरफ़्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
सितंबर महीने में हर दूसरे दिन हुई वारदात
5 सितंबर को अमीनाबाद में विपिन सोनकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 7 सितंबर को मड़ियाव में किराएदारी के झगड़े में वकील ने लाइसेंसी असलहे से फायरिंग की. 11 सितंबर को मानक नगर में प्रापर्टी डीलर गोलू ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की. 12 सितंबर को सआदतगंज में इमरान को बदमाशों ने गोली मार दी. 16 सितंबर को मोहनलालगंज में ताबड़तोड़ फायरिंग कर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी गई. 17 सितंबर को गुडंबा थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ फायरिंग में बियर शॉप सेल्समेन जीतेंद्र जायसवाल घायल हो गया. 20 सितंबर को हसनगंज में सिरफिरे आशिक ने कथित प्रेमिका की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली. 21 सितंबर को गोंसाईगंज में पूर्व फौजी ने एक सब्जी विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी. इसी दिन कैंट थाने के सामने दीपू पूड़ीवाली की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 21 सितंबर को ही मड़ियाव में मेराज नाम के युवक को बदमाशों ने गोली मार दी.
