दिन-दहाड़े दो हत्याएं / उधार के 600 रुपए नहीं देने पर रेल्वे स्टेशन पर ही मार डाला

सूरत. शहर में शुक्रवार को दिन दहाड़े दो लोगों की हत्या कर दी गई। पहली वारदात सूरत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर हुई। यहां सबके सामने आरोपी ने 600 रुपए के लिए ही अपने दोस्त की जान ले ली। आरोपी ने पहले अपने दोस्त को पीटा। जब वह घायल होकर गिर पड़ा तो उसका गला काट दिया। शाम को पुलिस ने उसे स्टेशन के पास से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

चाकू के वार से उतारा मौत के घाट
दूसरी वारदात शहर के कतारगाम में हुई, जहां एक आरोपी ने दुकान में घुसकर दर्जी का काम करने वाले को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक का आरोपी की पत्नी के साथ कई महीने से अवैध संबंध था। इस बात का पता चलते ही उसने दुकान में घुसकर दिन दहाड़े उसकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस साल 5 मार्च से 5 अप्रैल तक शहर में इस तरह से 10 लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। 

शाम को पकड़ा गया आरोपी
सूरत जीआरपी के पीआई कनु चौधरी ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास से ही आरोपी को देर शाम पकड़ लिया गया। उसने गुनाह कबूल करते हुए बताया कि 600 रुपए की उधारी को लेकर झगड़ा हुआ था। 2017 में मृतक दीपक तिवारी के खिलाफ आरपीएफ ने चोरी का मामला दर्ज किया था।

 
एक क्षेत्र में हो चुकी हैं 10 हत्याएं 
सूरत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर सुबह 11.45 बजे कालू पाल और दीपक तिवारी के बीच 600 रुपए को लेकर विवाद हुआ। दोनों दोस्त थे। दीपक ने कालू से पैसे उधार लिए थे। सूरत आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि प्लेट फॉर्म नंबर 4 के उत्तरी छोर पर दीपक राजकिशोर तिवारी उर्फ तिजोरी और राजू रमेश पाल उर्फ कालू के बीच झगड़ा हुआ। कालू ने दीपक के सीने और सिर पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। उसके बाद उसने धारदार हथियार से गला काट गया। दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

पत्नी से अवैध संबंध से गुस्साए युवक ने चाकू मारा 
कतारगाम के उदयनगर-2 में शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे मकवाना टेलर के नाम से दुकान चलाने वाले बलवंत मकवाना की आरोपी चेतन जाधव ने चाकू मरकर हत्या कर दी। कतारगाम थाने के पीआई जेडएन घासुरा ने बताया कि आरोपी चेतन हीरा कारीगर है। उसकी पत्नी से बलवंत का पिछले एक साल से अवैध संबंध चल रहा था। चेतन को यह बात तीन-चार दिन पहले ही पता चली थी। इससे गुस्साए चेतन ने शुक्रवार को बलवंत की चाकू मारकर हत्या कर दी। बलवंत और चेतन दोनों भावनगर के रहने वाले थे। आरोपी ने पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया है। 

इस तरह की गईं लोगों की हत्याएं 
5 मार्च– नवसारी बाजार में ब्याज पर पैसे देने वाले महेंद्र चौकसी की दिनदहाड़े उसी की दुकान में घुसकर तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इनमें से एक आरोपी को मुद्दसिर को मेरठ से स्पेशल टास्क फ़ोर्स ने 5 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। 

21 मार्च – डिंडोली में 24 वर्षीय बंटी शर्मा की चेतननगर शनिमंदिर के पास आरोपी कमलेश सूर्यवंशी सहित अमूल सूर्यवंशी, उमेश शिरसाठ और दीपक कालिया ने मिलकर हत्या कर दी थी। 
21 मार्च– कापोद्रा में 22 साल के रहल गोंडलिया को तीन लोगों राहुल गोस्वामी, दीप छैया सहित एक नाबालिग ने मिलकर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मृतक का आरोपियों से बाइक की टक्कर को लेकर झगड़ा हुआ था। 
21 मार्च– चौकबाजार में 45 वर्षीय खोड़ा बाबरिया का शव बापा सीताराम बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर मिला था। शव के चेहरे पर पत्थर से मारने के चोट के निशान थे। शव के पास से पुलिस को खून से सना पत्थर भी मिला। 
23 मार्च– सचिन पुलिस स्टेशन में 30 वर्षीय मोहम्मद कादिर हाशिम शेख का शव रेलवे ट्रैक के पास में मिला था। उसके पेट, दोनों पैर और जांघ के पास किसी धारदार चीज से वार और शिनाख्त के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसके बाद उसकी पहचान उत्तर प्रदेश से हुई थी। 
30 मार्च– डिंडोली के भीमनगर गरनाला के पास स्थित संतोषी नगर निवासी गुलाब धनजी सोलंकी (25) पर सुल्तान नामक युवक ने तलवार से हमला कर दिया। मकान खाली कराने के मुद्दे को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था। सुल्तान ने गुलाब सोलंकी पर हमला किया गया। सिविल अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। 
30 मार्च– भेस्तान डिंडोली ब्रिज के नीचे खाड़ी में एक अनजान शव मिला था, जिसके शरीर पर घाव के निशान थे। 
2 अप्रैल– भरीमाता रोड पर से सुबह 8 बजे घर लौट रहे दीपक मोरे की हत्या कर दी गई। आरोपी प्रफुलनाथ जोगी ने बताया कि दीपक मोरे ने उसकी पत्नी से छेड़छाड़ की थी। वह व्यापार में भी हस्तक्षेप करता था। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। 

Leave a Reply