दिल्ली-NCR में मौसम खराब, गरज के साथ आंधी आने की आशंका

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे आस-पास के इलाकों में रविवार रात को मौसम खराब होने की आशंका है. अगले दो घंटे में दिल्ली-एनसीआर में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं. गरज के साथ धूल भरी आंधी के आने की भी आशंका है. इस दौरान बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो सकती है. आसमान में बिजली की चमक के साथ बादलों के गरजने की आवाजें सुनाई दे सकती हैं. हालांकि रविवार सुबह आसमान साफ रहा था.
इन इलाकों में मौसम खराब होने की आशंका
जिन इलाकों में मौसम खराब होने की आशंका है, उनमें दिल्ली, रोहतक, जींद, गोहाना, पानीपत, गन्नौर, सोनीपत, बागपत, मेरठ, मोदीनगर, नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, हापुड़, पिलानी, भिवानी, झज्जर, कोसली, नारनोल, रेवाड़ी, भिवारी, मानेसर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल, होडल, नूंह, सोहना और आस-पास के इलाके शामिल हैं.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा रविवार रात 8 बजे जारी ऑल इंडिया वेदर इंफेरेंस रिपोर्ट में भी देश के कई इलाकों में मौसम खराब होने की आशंका जताई गई है.
दिल्ली में रविवार सुबह तेज धूप रही
वहीं, दिल्ली में रविवार की सुबह तेज धूप रही. रविवार को अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 68 प्रतिशत दर्ज की गई. तो वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
