देश भर में आसमान से बरस रही ‘आग’, चुरू में पारा 50 डिग्री के पार

नई दिल्लीः इन दिनों देश में हर तरफ नौतपा का असर देखने को मिल रहा है. पिछले कुछ दिनों से जिस तरह की भीषण गर्मी पड़ रही है. उससे लोगों का हाल बेहाल हो गया है. हालात यह हैं कि सूर्य नगरी जोधपुर में दोपहर के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और अघोषित कर्फ्यू सी स्थिति रहती है. लोग घरों से बाहर निकलना पसंद नहीं कर रहे हैं और अगर किसी जरूरी काम से बाहर निकलना भी पड़ता है तो बचाव के जतन करते नजर आ रहे हैं. चौराहों और नुक्कड़ पर लगी जूस की दुकानों पर भीड़ देखी जा सकती है. मौसम विज्ञानिको की मानें तो अगले 3 दिनों तक इसी तरह पारा बढ़ेगा. जोधपुर शहर की बात करें तो आज पारा लगभग 44 से 46 डिग्री तक पहुंच चुका है और पिछले 3 दिनों से यही तापमान है. वहीं अगले 3 दिनों तक पारा 45 से 47 डिग्री के आसपास रहने की आशंका है.
वहीं जम्मू में भी पिछले पांच दिनों से सूरज देव का कहर बरस रहा है. पारा 45 डिग्री पार कर गया है, जम्मू के ठंडे पर्यटन स्थल कुद, पटनीटॉप, सनासर और बटोत में भी पारा 25 से 28 डिग्री तक पहुंच गया है. गर्मी के कहर को देखते प्रशासन ने स्कूलों में पहली जून से डेढ़ महीने की छुट्टियां घोषित कर दी हैं. तपते जून की झुलसती गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं. वहीं मौसम विभाग ने भी लोगों को सीधी धूप से बचने की सलाह दी है.
बात करें चडींगढ़ की तो चंडीगढ़ में तीन दिन पहले तापमान 44 डिग्री सैल्सियस पहुंच चुका था जबकि पिछले दो दिनों से तापमान 42 डिग्री सैल्सियस तक रहा. आज तापमान 41 डिग्री सैल्सियस तक है और गर्म हवाओं ने जीना मुहाल कर दिया है. चंडीगढ़ सूखना लेक पर भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. सूखना का जल स्तर और सुखना लेक पर लोगों की भीड़ दोनों कम होने लगी है. सूखना लेक के किनारे लोग पानी में पैर डुबो कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते हैं.
चूरु जिले में प्रचंड गर्मी का दौर परवान पर है तापमान 51 डिग्री पर आ पहुंचा है. कल तापमान 50.8 डिग्री पर था आज भी हालात इसी तरह के बने हुए हैं. नौतपा का आज आखिरी दिन है सुबह सूर्य उदय होते ही आसमान से आग बरसने लगी है. तो वहीं सड़कों से लपटें निकल रही हैं. सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ है. कर्फ्यू जैसा माहौल नजर आ रहा है. लोग घरों से निकल रहे हैं तो कपड़े से पूरा शरीर ढक कर निकल रहे हैं. थोड़ी दूर चलने पर लोग पेय पदार्थ की दुकानों पर गला तर करते हुए नजर आ रहे हैं. जिला मुख्यालय के अस्पताल में भी प्रचंड गर्मी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पूरी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी हैं.
वहीं इस गर्मी के चलते कई जगहों पर सूखा की स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे लोगों को गर्मी के अलावा पानी की भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. बिहार के मधुबनी की महिलाएं पानी के लिए जिले के डीएम साहेब का घेराव कर रही हैं. महिलाओं का कहना है कि वह पानी की बूंद- बूंद को तरस गई हैं. उम्मीद है कि इनको पानी मिलेगा. ये बात और है कि फिलहाल डीएम साहब की तरफ से भी मिला तो सिर्फ आश्वासन. यही हाल हजारीबाग का है. जहां लोगों में गड्ढे का पानी पाने के लिए जद्दोजहज चल रही है. हालात ये है कि पानी के लिए जंग जैसे हालात हो गये हैं.
