विश्वकप में सबसे अनुभवी विकेटकीपर हैं धोनी

विश्वकप में टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज महेन्द्र सिंह धोनी सबसे अनुभवी विकेटकीपर हैं। विश्व कप में सबसे अधिक शिकार करने के मामले में धोनी तीसरे नंबर पर हैं। इस बार उनके पास इस मामले में नंबर एक पर आने का अवसर है क्योंकि पहले और दूसरे नंबर के विकेटकीपर रिटार हो गये हैं।
कुमार संगकारा (श्रीलंका)
श्रीलंका के सफलतम विकेटकीपर संगकारा ने विश्व कप में कुल 37 मैच खेले हैं जिसमें इन्होंने 54 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। इस दौरान इन्होंने 41 कैच तो 13 खिलाड़ियों की स्टंपिंग की।
एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर गिलक्रिस्ट सबसे ज्यादा शिकार करने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। गिलक्रिस्ट ने विश्व कप में कुल 31 मैच खेले जिसमें इन्होंने कुल 52 खिलाड़ियों का शिकार किया। इस दौरान गिलक्रिस्ट ने 45 कैच पकड़े तो वहीं 7 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया।
महेंद्र सिंह धोनी (भारत)
सबसे ज्यादा शिकार करने की सूची में टीम इंडिया के सफलतम विकेटकीपर धोनी तीसरे स्थान पर हैं। धोनी ने अब तक विश्व कप में 20 मैच खेले हैं जिसमें इन्होंने भी 32 शिकार किए हैं। इस दौरान धोनी ने 27 कैच पकड़े तो वहीं 5 स्टंपिंग किए हैं।
मार्क बाउचर (दक्षिण अफ्रीका)
इस लिस्ट में 4वें नंबर पर हैं दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज विकेटकीपर मार्क बाउचर। इन्होंने विश्व कप में कुल 25 मैच खेले, जिसमें 31 खिलाड़ियों को कैच आउट किया है।
विशिष्ट क्लब में शामिल हुए गेल
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उतरते ही कप में शामिल होने वाले 19 क्रिकेटरों के विशिष्ट क्लब में शामिल हुए हैं। भारत के सचिन तेंदुलकर और पाकिस्तान के जावेद मियांदाद ने सबसे अधिक छह – छह विश्वकप में खेले हैं वहीं 16 ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने पांच विश्व कप खेले हैं। इनमें ब्रायन लारा, इमरान खान, अर्जुन रणतुंगा, मुथैया मुरलीधरन, वसीम अकरम, रिकी पोंटिंग, जाक कैलिस आदि शामिल हैं। गेल अब लारा और शिवनारायण चंद्रपाल के बाद इस सूची में शामिल होने वाले तीसरे कैरेबियाई खिलाड़ी बने हैं।
वहीं भारत के महेंद्र सिंह धोनी सहित सात खिलाड़ी चौथी बार विश्व कप खेलेंगे। धोनी 2007 से इस टूर्नामेंट में खेल रहे हैं और 2011 में उनकी अगुवाई में भारतीय टीम चैंपियन बनी थी। उन्होंने अब तक विश्व कप में 20 मैचों में 507 रन बनाये हैं तथा 32 शिकार किये हैं। बांग्लादेश के चार खिलाड़ी अपने चौथे विश्व कप में भाग लेंगे। इनमें कप्तान मशरेफी मुर्तजा भी शामिल हैं जो गेल के बाद एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 2003 विश्व कप में भी हिस्सा लिया था लेकिन वह 2011 में टीम का हिस्सा नहीं थे। उनके अलावा मुशफिकुर रहीम, शाकिब अल हसन और तमीम इकबाल ने 2007 से तीनों विश्व कप खेले हैं।
