देश में स्मार्टफोन, लैपटॉप और टीवी सप्लाई हो सकती है कम

नई दिल्ली । देश में स्मार्टफोन, लैपटाप और टीवी सप्लाई में भारी किल्लत हो सकती है। इसकी वजह यह है कि दुनिया में सेमीकंडक्टर चिप्स और कंपोनेंट्स की भारी कमी हो गई है। सैमसंग इंडिया की स्मार्टफोन टीम ने बताया है कि जुलाई में सप्लाई में 70 फीसदी तक कमी आ सकती है। कई रीटलर्स का कहना है कि एपल, एचपी, लेनोवो, डेल, श्याओमी, वनप्लस और रियलमी जैसे ब्रांड्स की सप्लाई भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। दुनिया में चिप्स और कंपोनेंट्स की कमी का संकट और गहरा गया है। इससे देश में स्मार्टफोन, लैपटॉप, स्मार्ट टेलीविजन और इंटरनेट कनेक्टेड अप्लायंसेज की सप्लाई एक बार फिर बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पिछले साल भी इंडस्ट्री को इस स्थिति से गुजरना पड़ा था। कार बनाने वाली कंपनियां भी इससे प्रभावित हुई हैं। चिप और कंपोनेंट्स की कमी से वे प्रॉडक्शन नहीं बढ़ा पा रही हैं जिससे 10 से 15 फीसदी प्रॉडक्शन लॉस हो रहा है। इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि यह स्थिति अगली दो तिमाहियों तक रह सकती है। यह सब ऐसे समय हो रहा है जब रीटेलर्स और कंपनियों का कहना है कि लॉकडाउन में ढील के बाद उनकी बिक्री पटरी पर लौट रही है। शॉर्टेज के कारण फोर्ड जैसी कई ऑटो कंपनियों ने भारत में अपने प्लांट फिलहाल बंद कर दिए हैं या प्रॉडक्शन प्लान को एडजस्ट किया है। हुंडई छोटी कारों में काम आने वाले चिपसेट्स को बड़े वाहनों में इस्तेमाल कर रही है जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स ने चिपसेट्स के बिना गाड़ियां बनाई हैं। इन कंपनियों ने पिछली कुछ तिमाहियों में स्टॉकयार्ड या डीलरशिप में चिपसेट्स लगाए हैं ताकि कंज्यूमर्स को जल्दी से जल्दी डिलीवरी मिल सके।
