दो बच्चों व पत्नी को उतारा मौत के घाट, पति ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

जयपुर। वैशाली नगर इलाके में गुरुवार दोपहर घर के मुखिया ने दो बच्चों व पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद फंदा लगाकर खुद ने भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक के पास सुसाइड नोट मिला है।
एसएचओ अनिल जैमन ने बताया कि मामला बुनकर कॉलोनी खातीपुरा का है। वहां गिर्राज राणा अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ पिछले दो वर्षो से निवास करता था और सब्जी बेचकर परिवार का गुजारा करता था। दोपहर गिर्राज के घर से बाहर किसी को नहीं निकलते देखकर आस-पड़ौसी पहुंचे। काफी आवाज लगाने व गेट खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। घर के अंदर जाने पर वहां रहने वाले चारों जनों के शव दिखाई दिए। महिला व दो बच्चों के शव नीचे पड़े थे, जबकि गिर्राज फंदे से लटका मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि गिर्राज राणा ने पत्नी व दोनों बच्चों की गला रेतकर हत्या की, जिसके बाद खुद ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है कि गिर्राज राणा के पास एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें एक व्यक्ति से रुपयों के लेन-देने और ब्याज से परेशान होने की बात लिखी है।
