द्वारकाधीश मंदिर बंद रहने से एसटी निगम को होगा 32 लाख रुपए का नुकसान

अहमदाबाद | कोरोना संक्रमण के चलते होली-धुलेंडी पर्व पर गुजरात के मंदिरों के द्वार दर्शनार्थियों के लिए बंद कर दिए गए हैं| देवभूमि द्वारका के जगत मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक से राज्य परिवहन (एसटी) निगम को 32 लाख रुपए से अधिक का नुकसान होगा| पिछले साल 1.02 लाख से अधिक यात्रियों ने एसटी निगम की बसों में यात्रा की थी, लेकिन साल मंदिर बंद होने की वजह से गिने चुने यात्री ही नजर आ रहे हैं| जिसकी वजह से एसटी निगम को आर्थिक नुकसान हुआ है| पिछले वर्ष एसटी निगम द्वारा द्वारकाधीश मंदिर के फुलडोल उत्सव पर 6 दिन के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया था| जिसमें 40 जितनी बसों समेत नियमित 32 रूटों पर एसटी बसें चलाई गई थीं| जिसमें 1.02 लाख से भी ज्यादा यात्रियों ने यात्रा की थी| जिसकी वजह से एसटी निगम के द्वारका डिपो को रु. 32.34 लाख से अधिक आय हुई थी| जबकि इस बार द्वारका का जगत मंदिर बंद होने से यात्रियों की संख्या काफी कम है| फिलहाल द्वारका के एसटी डिपो में नियमित बसों का ही संचालन किया जा रहा है| जगत मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए बंद होने के कारण एसटी निगम को इस साल 32 लाख रुपए से अधिक का नुकसान होगा| बता दें कि देवभूमि द्वारका के द्वारकाधीश मंदिर में होली-धुलेंडी पर्व पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का मेला लगता है| वैसे द्वारका में सभी पर्व धूमधाम से मनाए जाते हैं| इस साल कोरोना संक्रमण के चलते होली-धुलेंडी पर्व पर द्वारकाधीश मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद रखने का जिला प्रशासन ने फैसला किया है|  हांलाकि जिले के शिवराजपुर बिच सैलानियों के लिए खुला है| द्वारकाधीश मंदिर के अलावा राजकोट के वीरपुर स्थित विख्यात जलाराम मंदिर भी होली पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा| अहमदाबाद के जगन्नाथजी मंदिर, नगर देवी भद्रकाली माता का मंदिर में केवल दर्शन किए जा सकेंगे, लेकिन रंगोत्सव नहीं होगा| अहमदाबाद के इस्कोन में इस साल तिलक होली होगी| दर्शनार्थियों के लिए इस्को मंदिर के द्वार बंद रहेंगे|

Leave a Reply