द्वारका में महिला को सरेआम गोलियों से छलनी किया, गैंगवार की आशंका 

नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में सोमवार को एक महिला को सरेआम गोली मारने की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने इस महिला को आधे दर्जन से ज्यादा गोलियां मारी। ये वारदात द्वारका के पोचनपुर इलाके की है। बताया जा रहा है कि जिस महिला को बदमाशों ने गोलियां मारी है उसकी मौत हो चुकी है। हालांकि अभी तक महिला की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह महिला जेल में बंद बदमाश राजीव की पत्नी है।
इस गोलीबारी के पीछे गैंगवार की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि कुछ महीने पहले द्वारका इलाके में ही कुख्यात बदमाश संदीप मेंटल और उसकी एक साथी की हत्या कर दी गई थी। उस डबल मर्डर में राजीव नाम के एक बदमाश का हाथ होने का मामला सामने आया था।
राजीव और संदीप मेंटल में प्रॉपर्टी को लेकर विवाद आगे बढ़ा और फिर दोनों अपना वर्चस्व दिखाने के लिए एक दूसरे को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगे। इसी दौरान संदीप मेंटल और उसके साथी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राजीव अभी जेल में बंद है। आज जिस महिला को गोली मारी गई है वह राजीव की पत्नी थी।
हालांकि अभी इस मामले में डीसीपी द्वारका एंटो अलफोंस से पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन इस गोलीबारी के बाद मौके पर लोकल पुलिस, पीसीआर और जिले की कई दूसरी यूनिट की टीम पहुंच चुकी है और मामले की छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply