नए कॉलेज शुरू करना सरकार की प्राथमिकता-गहलोत

जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री कार्यालय में उच्च शिक्षा को लेकर समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों को अपने निकटतम स्थान पर उच्च शिक्षा मिल सके, इसके लिए इस वर्ष बजट में 50 नए कॉलेज खोलने की घोषणा की गई है। 
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन कॉलेजों के भवनों का निर्माण एक साल में पूरा हो ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र इनका लाभ मिले दूरी के कारण किसी विद्यार्थी को उच्च शिक्षा से वंचित नहीं होना पड़े, इसे देखते हुए नए कॉलेज जल्द शुरू करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इन कॉलेजों में सरकार संसाधनों की कोई कमी नहीं रखेगी। गहलोत ने निर्देश दिए कि नए घोषित कॉलेजों के साथ-साथ ऐसे कॉलेज जिनके अब तक भवन नहीं बने हैं, उनका भी जिलावार मैप बनाकर इनके शीघ्र निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाए।  मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार ऐसे पहलू हैं, जिन पर सरकार का मुख्य फोकस है। दूरस्थ क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए सरकारी संसाधनों के साथ-साथ सीएसआर गतिविधियों, भामाशाहों तथा विधायक एवं सांसद निधि के माध्यम से भी सहयोग लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कम्पनियां सीएसआर गतिविधियों पर पैसा खर्च करती हैं। उनके इस फण्ड का राज्य एवं समाज के हित में जरूरत के अनुसार उपयोग हो, इसके लिए उन्हें प्रेरित किया जाए।

Leave a Reply