नए साल पर भीषण ठंड से मिली थोड़ी राहत

नई दिल्ली। कहर बरपाती सर्दी ने नए साल के मौके पर उत्तर भारत के लोगों को थोड़ी सी राहत दी है। पिछले एक हफ्ते से लगातार नीचे जा रहा पारा बुधवार को अधिकांश जगहों पर ऊपर आया। धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई। हालांकि घने कोहरे का प्रकोप जारी रहा जिससे सड़क, रेल और वायु यातायात पर प्रभाव पड़ा।

करीब 103 ट्रेनें विलंब से रवाना हुईं जबकि दो को रद करना पड़ा। कई ट्रेनों की समय सारिणी में परिवर्तन करना पड़ा। उत्तर प्रदेश को सर्द हवाओं से निजात नहीं मिली है। लखनऊ में सबसे कम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मुजफ्फरनगर में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब में अमृतसर का तापमान सबसे कम 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में पारा 3.6 डिग्री था, जबकि हरियाणा के हिसार में तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

जश्न मनाने पहाड़ पहुंचे पर्यटक
नए साल का जश्न मनाने के लिए देश के कोने-कोने से पर्यटक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर पहुंच चुके हैं। हालांकि पिछले कई दिनों से यहां बर्फबारी नहीं हुई है और होने के आसार भी नहीं हैं। ऐसे में पर्यटकों को मायूसी का सामना करना पड़ सकता है।

जम्मू-कश्मीर में लेह शहर सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे तक मौसम शुष्क और ठंडा रहेगा। अगले चार दिन में कोई बहुत बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है।

Leave a Reply