नया भारत संकल्पना में राज्य का आधुनिक बन रहा लोक प्रशासन नयी दिशा देगा: मुख्यमंत्री 

अहमदाबाद | मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गीर सोमनाथ जिला पंचायत और जिला पुलिस भवन के नये भवनों का लोकार्पण करते हुए कहा कि नया भारत की संकल्पना में गुजरात जनाभिमुख सुशासन से नयी दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि गुजरात का लोक प्रशासन आधुनिक बन रहा है और भ्रष्टाचारमुक्त, पारदर्शी, लोकाभिमुख प्रशासन से तेज जनसेवाएं उपलब्ध हुई हैं। पहले नागरिकों को नागरिक सेवाओं के लिए अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। हमारी सरकार ने सुशासन के साथ तेज और पारदर्शी नागरिक सेवाओं का दायरा दुर्गम इलाकों में रह रहे नागरिकों तक पहुंचाकर जनसेवा के नये आयाम सिद्ध किए हैं। बिनखेती प्रक्रिया को ऑनलाइन कर भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन की प्रक्रिया अमली बनायी है। 
नवगठित गीर सोमनाथ जिले की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके मुख्यमंत्रित्व काल में 2013 में विकेन्द्रित जनसेवा के तहत स्थापना की थी। अब पुराने कार्यालयों के स्थान पर आधुनिक और ढांचागत सुविधा के साथ सेवा सदन कार्यरत किए गए हैं जो जनसेवा को नया बल प्रदान करेंगे। नवीन भवन जनसेवा के माध्यम बनें, इसका उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मयोगियों को जनसेवा का जो अवसर मिला है, इसे वह हाथ से जाने ना दें। पुलिस कानून- व्यवस्था सम्भालने के साथ ही संवेदनापूर्वक समाजसेवा भी करती है। मोरबी के पुलिस जवान की कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण देते हुए रूपाणी ने कहा कि पुलिस जनता का मित्र बनकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर जनता का भरोसा जीत रही है। उन्होंने कहा कि भगवान सोमनाथ दादा और द्वारिकाधीश की कृपा से वायु चक्रवात दिशा बदलकर चला गया और गुजरात को नुकसान नहीं हुआ। इसलिए वह भगवान सोमनाथ दादा के समक्ष शीश झुकाने आए हैं। उन्होंने भ्गवान से प्रार्थना की है कि उनकी कृपा सदैव गुजरात पर बरसती रहे। 
सोमनाथ मन्दिर के निर्माण में और रजवाड़ों को एक करने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल को वन्दन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हट जाने से सरदार साहेब का एक और अखंड भारत का स्वप्न साकार हुआ है। एक भारत, एक संविधान और एक विधान को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह ने साकार कर दिया है। गुजरात में महिलाओं के गले से चेन खींचने पर सात साल की सजा, शराबबन्दी कानून तोड़ने पर सख्त सजा, छोटी बच्चियों पर अत्याचार के मामलों में फांसी की सजा की व्यवस्था की गई है। अपराधियों को कड़ी सजा मिल रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ईणाज के समारोह में 44 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया साथ ही सखीमंडल की बहनों को सहायता के चेक अर्पित किए।

Leave a Reply