NCP छोड़ BJP-शिवसेना में शामिल होने वाले नेताओं को शरद पवार ने बताया कौआ

महाराष्ट्र (Maharashtra) के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) ने उनकी पार्टी छोड़ दूसरी पार्टियों में शामिल हुए नेताओं को ‘कौआ’ करार करार दिया. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों (Maharashtra Assembly Election 2019) में नए चेहरे उतारने पर विचार कर रही है.

महाराष्ट्र की विपक्षी पार्टियों विशेषकर NCP के कई विधायक और बड़े नेता पिछले महीने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिवसेना (Shiv Sena) में शामिल हो गए थे. पवार ने कहा, 'हमें अब कौओं (कवाले) के बारे में चिंता नहीं करनी चाहिए, इसके बजाय चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं (मवाले) पर ध्यान देना चाहिए.'

NCP के कई नेताओं ने छोड़ी है पार्टी

पिछले महीने NCP के विधायक शिवेन्द्र सिंह भोसले, संदीप नाइक और वैभव पिचाड़ पार्टी की राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष चित्रा वाघ के साथ BJP में शामिल गए थे. पिछले महीने ही NCP की मुंबई इकाई के अध्यक्ष सचिन अहीर और शाहपुर से विधायक पांडुरंग बरोरा ने शिवसेना का दामन थाम लिया था. पवार ने कहा, 'पार्टी आगामी चुनावों में नए चेहरे उतारने पर विचार कर रही है. मैं आने वाले चुनावों में युवाओं और महिलाओं को मौका देने पर जोर दूंगा.'

नारायण राणे के फैसले पर भी दिया था बयान

इससे पहले पूर्व शिवसेना नेता नारायण राणे (Narayan Rane) के कांग्रेस में शामिल होने के फैसले पर पवार ने कहा था कि पता नहीं यह फैसला एक गलती थी या एक बड़ी भूल. राणे 2005 में कांग्रेस (Congress) में शामिल हुए थे जबकि उनके पास NCP में शामिल होने का भी विकल्प था. राणे की आत्मकथा के विमोचन के मौके पर पवार ने कहा था, ‘उन्होंने कांग्रेस को चुना. मैं नहीं बता सकता कि यह एक गलती थी या एक बड़ी भूल.’ एनसीपी प्रमुख ने कहा था कि कांग्रेस द्वारा तब उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने का वादा करने पर मैंने राणे से कहा था कि कांग्रेस इस तरह काम नहीं करती.
 

Leave a Reply