नाबालिग दलित लड़की के घर में फेंकता था पत्र, पुलिस ने गिरफ्तार किया

मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की चरथावल थाना पुलिस ने एक 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। वह एक नाबालिग दलित लड़की के घर में रोज पत्र फेंकता था। पुलिस ने उसके विरुद्ध अनेक धाराओं में केस दर्ज किया है। चरथावल पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले दधेरू गांव निवासी लड़की के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी हर दिन उनकी बेटी को संबोधित पत्र उनके घर में फेंकता है। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी उस युवक ने उनके घर में पत्र डालने की कोशिश की तो उन्होंने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया और एक धार्मिक स्थल के भीतर छिप गया।
एसएचओ सूबे सिंह ने बताया कि पुलिस ने युवक पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354ए, 323, 504 और 452 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि उस पर बाल यौन अपराध संरक्षण कानून (पोक्सो) और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निरोधक) कानून की धाराएं भी लगाई गई हैं।
