निर्वाचन आयोग के निर्देशों की आड़ में सराफा कारोबारियों की 1 करोड़ से अधिक राशि की जब्त की गई ज्वेलरी को वापिस किया जाए : चेम्बर

ग्वालियर । विगत 5 अप्रैल को ग्वालियर शहर के तीन बड़े सराफा कारोबारी-गहना सिटी सेंटर, तनिष्क और डीएस ज्वेलर्स सराफा बाजार को डिलीवरी देने लाई जा रही एक करोड़ रूपये से अधिक की ज्वेलरी को मुरैना की अल्लाबेली पुलिस चौकी पर मुरैना जिला प्रशासन द्बारा निर्वाचन आयोग के निर्देशों की आड़ में मनमाने तरीके से जब्त किये जाने पर म.प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्बारा आज मुख्य निर्वाचन आयुक्त, नई दिल्ली, मुख्य निर्वाचन अधिकारी,मध्यप्रदेश, प्रदेश के मुख्यमंत्री- कमलनाथ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री- प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं मुरैना की जिलाधीश एवं निर्वाचन अधिकारी-श्रीमती प्रियंकादास को पत्र प्रेषित किये गये हैं।
चेम्बरने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में अवगत कराया है कि ज्वलेरी के संबंध में विधि अनुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बावजूद भी ज्वलेरी को जब्त किया गया जबकि कोई भी व्यक्ति उस ज्वेलरी के साथ संलग्न दस्तावेज देखकर इस बात का अंदाजा लगा सकता था कि यह ब्राण्डेड ज्वेलरी है और विधिवत व्यापारियों के यहां डिलेवर होने जा रही है| नवरात्र के बाद शादियों का सीजन प्रारंभ होने जा रहा है, सराफा कारोबारियों के लिए यह व्यापार का अवसर होता है और इसी को दृष्टिगत रखते हुए उक्त ज्वेलरी मंगाई जा रही थी किंतु निर्वाचन नियमों की आड़ में की गई कार्रवाई से व्यापारी आहत और आक्रोशित हैं।
चेम्बर पदाधिकारियों ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि वैधानिक दस्तावेजों के साथ लाए जा रहे माल को जब्त किया जाना समझ से परे है, आखिर निर्वाचन के दौरान क्या ऐसे कागजात लेकर चला जाये जिससे प्रशासनिक अधिकारी मान्यता प्रदान करें, ऐसी स्थिति में अगर प्रशासन ने इस तरह की कार्यवाही जारी रखी तो आचार संहिता की अवधि के दौरान व्यापार जगत पर बहुत ही प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, जिसकी भरपाई किया जाना संभव नहीं होर्गि
चेम्बर पदाधिकारियों ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि मध्यप्रदेश के सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश निर्वाचन आयोग द्बारा दिए जाएं कि वह कागजात पूरे होने पर किसी भी प्रकार की व्यापारिक गतिविधि में अवरोध का कार्य न करें और मुरैना की अल्लाबेली चौकी पर ज्वेलरी जब्त किए जाने की घटना की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी अधिकारियों के विरूद्घ सख्त कदम उठाते हुए यथाशीघ्र जब्त की गई ज्वेलरी को वापिस दिलाया जाए।
