जबलपुर का सर्वांगीण विकास, मेरा और भाजपा का ध्येय है : राकेश सिंह

जबलपुर। देश विकास के रास्ते पर आगे जाये, मप्र में विकास की गंगा बहे और जबलपुर का सर्वांगीण विकास हो, यही मेरा और भारतीय जनता पार्टी का ध्येय है। यहां की जनता यदि इस बात पर गर्व महसूस कर रही है कि देश के नक्शे में उसे भी देखा और पहचाना जाने लगा है, तो केवल और केवल इसीलिए की मप्र में शिवराज  के नेतृत्व वाली सरकार ने लगातार विकास किया और देश में पांच साल पहले मोदी  के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनीं। आज हमें इस पर गर्व होता है कि जबलपुर पांच विश्वविद्यालयों वाला शहर है, लेकिन शहर को यह उपलब्धि भाजपा ने ही दिलाई है। यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व राकेश सिंह ने अपना नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर कही।
– कभी उपेक्षित रहा जबलपुर अब विकास के रास्ते पर
सिंह ने कहा यह जबलपुर शहर कभी उपेक्षा के दंश सहता था, लेकिन अब विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। हमें गर्व है कि हमारे जबलपुर में सबसे बड़ी रिंग रोड बनने जा रही है। मप्र का सबसे बड़ा फ्लाई ओवर जबलपुर में बनने जा रहा है। देश के किसी भी संसदीय क्षेत्र में सड़कों के निर्माण हेतु सबसे अधिक राशि सीआरएफ फंड से जबलपुर को मिली है। पच्चीस सालों से अपनी पूर्णता की बाट देख रही जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज योजना पूरी होने जा रही है। जबलपुर से इटारसी तक इलेक्ट्रिफिकेशन का कार्य पूर्ण हो गया और नैनी तक यह पूरा होने जा रहा है। पच्चीस साल से मदन महल में टर्मिनल स्टेशन की मांग थी यह भी 120 करोड़ की लागत से बनने जा रहा है। जबलपुर का एयरपोर्ट जहां कभी गायें चरा करती थी उसका विकास 480 करोड़ की लागत से पूरा होने जा रहा है। यह सब भाजपा की ही देन है और यह सम्भव हुआ तो केवल इसीलिए क्योकि देश में नरेंद मोदी  के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी थी।
– किस का इंतजार कर रही थी कांग्रेस
सिंह ने कहा जबलपुर की जनता और भाजपा के कार्यकर्ता काँग्रेस के नेताओं से प्रश्न पूछना चाहते हैं कि क्या वजह थी कि 56 सालों तक शासन करने के बाद भी आपने इन सारे विषयों को कभी क्यों नहीं उठाया। क्या आप इस बात की प्रतीक्षा कर रहे थे कि मप्र में शिवराज की सरकार बनेगी, देश  में मोदी  के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी, जबलपुर में जनता आशीर्वाद देकर राकेश सिंह को साँसद बनाएगी, यहाँ भाजपा के जनप्रतिनिधि बनेंगे तब यह कार्य पूरे होंगे। उन्होंने कांग्रेसियों से कहा कि छदम विकास की आड़ में खड़े होकर जनता को बरगलाने का काम मत करो, क्योंकि यहाँ की जनता समझदार और जागरूक है। उसे अच्छी तरह पता है कि कुछ करना होता तो बहुत पहले आपने कर दिया होता।
– देश को विकसित, सुरक्षित बनाने मोदी सरकार जरूरी
सिंह ने कहा कि मैं भाजपा के पराक्रमी योद्धाओं से कहना चाहता हूं कि आज चुनाव का विधिवत शंखनाद हो चुका है। युद्ध का बिगुल बज गया है,  युद्ध की तारीख घोषित है। आपने एक बार नहीं अनेकों बार भाजपा का परचम फहराया है। आपने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को तीन बार संसद भेजा है। अब चैथी बार नेतृत्व ने मुझ पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि देश मे नरेंद्र मोदी जी का नेतृत्व इसलिए जरूरी है, ताकि सीमाएं सुरक्षित हो सकें, विकास की गंगा बह सके, युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके, माताओं बहिनों का सम्मान सुरक्षित रह सके और मॉं भारती का गौरव परम वैभव पर पहुंच सके।

Leave a Reply