नीतीश सरकार के मंत्री बोले- बिहार में अब किसी भी कीमत पर नहीं चलने देंगे माफियाराज

गोपालगंज. बिहार में अब किसी भी कीमत पर अवैध बालू या मिट्टी का खनन नहीं होगा. इसके साथ ही अब इस विभाग में माफियागिरी नहीं चलने दी जाएगी. अब न अफसरशाही चलने वाली है और न ही खनन माफियागिरी चलेगी. ये बातें सूबे के खनन मंत्री जनक राम (Bihar Minister Janak Ram) ने दोहराई. वो रविवार को गोपालगंज (Gopalganj) के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे.
जनक राम मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह जिले गोपालगंज में आए हुए थे. उन्होंने कहा कि सरकार ने खनन विभाग को अगले 31 मार्च तक 16 हजार करोड़ रूपये के राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया है. इस टारगेट के अनुरूप अबतक 14 हजार करोड़ रूपये की राजस्व की प्राप्ति हो गयी है. उन्होंने कहा कि गोपालगंज सहित बिहार के सभी जिलों के अधिकारिओ को बैठक कर आगामी 31 मार्च तक 16 हजार करोड़ रूपये के टारगेट पूरा का निर्देश दिया है और यह टारगेट जल्द ही पूरा कर लिया जायेगा.
जनक राम ने उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा का जदयू में विलय के सवाल पर कहा कि पूर्व मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने सही समय पर सही निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि जो लोग रालोसपा को छोड़कर राजद में शामिल हुए हैं उन्हें बाद में पछतावा होगा क्योकि महागठबंधन में कोई लोकतन्त्र नहीं है. वहां सिर्फ परिवारवाद है. उन्होंने कहा की महागठबंधन में महापुरुषों के नाम पर सिर्फ राजनीति होती है. लेकिन पार्टी में सिर्फ परिवारवाद चलता है.
