चढ़ावा चोरी मामले में संजय राउत का केंद्र पर निशाना, बोले- राम के नाम पर लूट मची है

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के प्रकरण को लेकर रविवार को केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या स्थित राम मंदिर का मुद्दा उठाना कोई गुनाह नहीं है। अगर वहाँ किसी तरह की गबन या चोरी हुई है, तो इसके जिम्मेदार लोगों से जवाब-तलब किया जाना चाहिए।
'राम के नाम पर लूट करने वालों पर कार्रवाई के बजाय सवाल उठाने वालों पर मामले'
एक प्रेस वार्ता के दौरान संजय राउत ने कहा, "क्या राम मंदिर के विषय पर सवाल पूछना कोई अपराध है? अगर वहाँ गड़बड़ी हुई है तो इसके जिम्मेदार लोगों से पूछताछ होनी ही चाहिए। हमने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी अनियमितताओं का मुद्दा संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह पुरजोर तरीके से उठाया, लेकिन उल्टा हमारे खिलाफ ही एक्शन लिया जा रहा है। भगवान राम के नाम पर लोग लूट-खसोट में लगे हैं और जब हम आवाज़ बुलंद करते हैं तो हमारे खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। देश के तमाम हिस्सों में स्थित मंदिरों में चोरी की वारदातें सामने आई हैं, जिनमें से कई मंदिर सरकारी नियंत्रण में हैं।"
देवेंद्र फडणवीस को बताया शिक्षा मंत्रालय के लिए उपयुक्त
नवे शिक्षा मंत्री से जुड़े अपने हालिया बयान पर सफाई देते हुए संजय राउत ने कहा, "मैंने पूर्व में भी यह बात कही थी कि देवेंद्र फडणवीस देश के एक बेहतरीन शिक्षा मंत्री साबित हो सकते हैं। शिक्षा मंत्रालय का प्रभार किसी योग्य और सक्षम व्यक्ति के पास होना चाहिए और मेरी समझ से वह इसके पूरी तरह हकदार हैं।"
