पंजाबः तरनतारन ब्लास्ट में 7 आरोपी गिरफ्तार, कई जगहों पर धमाके करने की साजिश का खुलासा

पंजाब के तरनतारन जिले में गांव कलेर के पास खाली प्लॉट में हुए धमाके के बाद पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पट्टी, गुरदासपुर और अमृतसर के रहने वाले हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि वह सार्वजनिक स्थान पर धमाका करने की फिराक में थे।
बीती 4 सितंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे एक प्लाट में जोरदार धमाके में हरप्रीत सिंह हैप्पी निवासी बचड़े, विक्रमजीत सिंह विक्की निवासी कदगिल की मौत हो गई थी और गुरजंट सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। धमाके के बाद एनआईए, एसएफएल, बीडीडीएस, एनजीएस, आईबी अलावा पंजाब पुलिस ने अपने-अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इसी नतीजे पर पहुंची है कि धमाका हैंडग्रेनेड जैसा था, जिसे पिछले साल जिला अमृतसर में निरंकारी भवन में हुए ब्लास्ट के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। बताते हैं कि मामले में पुलिस को पांच लाख रुपये की विदेशी फंडिंग के सबूत भी मिल चुके हैं।
आरोपियों को मिला पांच दिन का रिमांड
बम ब्लास्ट के सात आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने सभी सात आरोपियों का 5 दिन का रिमांड दे दिया है। अदालत ने आरोपियों का 5 दिन का रिमांड दिया है। रिमांड के दौरान उनसे बड़े खुलासे हो सकते हैं।
आरोपियों को अदालत में पेश करवाने आए डीएसपी गोइंदवाल साहिब रविंद्र पाल सिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस ने गांव दीनेवाल निवासी मनदीप सिंह, गांव पंडोरी गोला निवासी हरजीत सिंह हीरा, गांव बचड़े निवासी अमृतपाल सिंह, गांव मुरादपुर निवासी मनप्रीत सिंह, बटाला निवासी संदीप सिंह, मजीठा के गांव कोटगुर्जर निवासी मलकीत सिंह और फतेहगढ़ चूड़ियां के निवासी अमरजीत सिंह को गिरफ्तार किया।
