पंजाब में नामांकन प्रक्रिया शुरू, 30 को जांच के बाद 2 मई तक लिए जा सकते हैं वापस

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए सोमवार को पंजाब में भी नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसके चलते राजनैतिक सरगर्मियों में तेजी आ गई है। आज जालंधर लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार संतोख चाैधरी का नामांकन पत्र भरेंगे। उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह समेत कई बड़े नेता उपस्थित होंगे। वहीं प्रदेश में विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भी यह प्रक्रिया 29 अप्रैल तक रोज सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक चलेगी।

इस बारे में पंजाब के मुख्य चुनाव डॉ. एस करुण राजू ने बताया कि लोकसभा चुनाव लड़ने का इच्छुक उम्मीदवार देश के किसी भी लोकसभा हलके का रजिस्टर्ड वोटर होना चाहिए। इच्छुक उम्मीदवार को वोटर सूची में दर्ज अपने नाम वाले पन्नों की सत्यापित प्रति रिटर्निग अधिकारी के समक्ष पेश करनी होगी।

डाॅ. राजू ने बताया कि प्रदेश में विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भी यह प्रक्रिया 29 अप्रैल तक रोज सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक चलेगी। 27 अप्रैल को महीने का चौथा शनिवार नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881 के अधीन अवकाश वाला दिन होने के चलते इस दिन नामांकन पत्र नहीं लिए जाएंगे। 30 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 2 मई तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में 14460 पोलिंग स्थानों पर 23213 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। इनमें से 719 संवेदनशील और 509 अति संवेदनशील की श्रेणी में हैं। साथ ही 249 बूथ बेहद आलोचनापूर्ण स्थिति में हैं। पंजाब में मतदान वाले दिन 12002 बूथों से वेब कास्टिंग की जाएगी।

Leave a Reply