पटना-रांची हाईवे पर ट्रक और ऑटो बीच हुई टक्कर, 4 लोगों की मौत

नवादा । नवादा के पटना-रांची हाईवे पर गिट्टी लदे ट्रक एवं ऑटो की आपस में भिंड़त हो गई। इस हादसे में तीन महिला और एक युवक समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, ऑटो में कुल सात लोग सवार थे। इस हादसे में तीन महिला एवं एक युवक की मौत हो गई जबकि एक महिला,एक बच्चा एवं एक पुरुष बुरी तरह से घायल हो गए हैं, जिसमें एक महिला एवं पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी वीम्स रेफर कर दिया गया है। इस संबंध में मुखिया उदय यादव ने बताया कि सभी अकबरपुर ब्लॉक से कार्य करा कर लौट रहे थे, उसी दौरान नेशनल हाईवे पर यह दुर्घटना हुई। ऑटो से ट्रक की भिड़ंत होते ही ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। वहीं, दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों के प्रयास से शव को ऑटो से निकाला गया और घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया। इस दुर्घटना में कुल तीन महिलाओं की मौत हुई है जिसमें एक आंगनबाड़ी सेविका भी है। मृतका सुनीता साव जो की आंगनवाड़ी सेविका है अपने पड़ोसी गायत्री देवी के साथ अकबरपुर ब्लॉक गयी हुई थी। उन्होंने बताया कि अंजुम खातून की इस दुर्घटना में सबसे पहले मौत हुई जो कि अपनी छोटी नतनी के साथ चंडीपुर लौट रही थी। उनकी नतिनी भी इस दुर्घटना में घायल हो गयी, जिसका इलाज जारी है। इसके अलावा गायत्री देवी की मौत नवादा सदर अस्पताल लाने के क्रम में हो गयी और सुनीता साव को चिंताजनक हालात में वीम्स रेफर किया गया, मगर रास्ते मे ही उसने दम तोड़ दिया, जबकि बक्सण्डा का रहने वाला सुजल की देर रात इलाज़ के दौरान मौत हो गयी। इसके अलावा मोहम्मद तबरेज आलम और एक अन्य महिला जिसकी अभी तक पहचान नहीं हुई और उसका इलाज जारी है। फिलहाल देर रात तक सभी शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
