पहले जेठ ने किया रेप, फिर पति ने दिया तीन तलाक

सहारनपुर. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के सहारनपुर (Saharanpur) में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जेठ द्वारा रेप किए जाने का खुलासा करना विवाहिता को महंगा पड़ गया. आरोप है कि बड़े भाई की बेइज्जती (insult) होता देख पहले तो युवक ने अपने परिजनों के साथ मिलकर विवाहिता पर तेल छिड़क कर उन्हें जिंदा जलाने का प्रयास किया. इसके बाद पत्नी को तीन तलाक दे दिया. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया. साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी है.
पीड़िता ने कोतवाली बेहट पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है. दरअसल, पूरा मामला कोतवाली बेहट इलाके के गांव ताजपुरा का है. जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के थाना भगवानपुर इलाके के गांव खेड़ी शिकोहपुर निवासी युवती की शादी ताजपुरा निवासी युवक से हुई थी. पीड़िता का आरोप है कि करीब 20 दिन पहले उनके जेठ ने उनके साथ रेप किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. जान जाने के डर से पीड़िता चुप रही.
मामले को लेकर ताजपुरा में बैठी पंचायत
बाद में पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने मायके वालों को दी. मामले को लेकर ताजपुरा में पंचायत हुई. पंचायत में विवाहिता ने जेठ द्वारा किए गए रेप का खुलासा किया तो उसका पति गुस्से में आ गया. भाई की बेइज्जती होने से गुस्साए युवक ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया. इस घटना के बाद पीड़िता कोतवाली पहुंची और कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी. वहीं, एसपी देहात का कहना है कि थाना बेहट क्षेत्र में तीन तलाक का मामला आया है, जिसमें केस पंजीकृत कर लिया गया है. जांच कर शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी.
