महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

कोटा. राजस्थान के कोटा (Kota) शहर के कम्पीटिशन कॉलोनी में पारिवारिक कारणों के चलते एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली. पुलिस ने दहेज हत्या (Dowry Death) का केस दर्ज किया है. जानकारी के मुताबिक मृतका प्रियंका की शादी 2014 में मनीष से हुई थी. मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष (In-laws) के लोग उसे परेशान करने लगे और दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे. इस बारे में महिला ने अपने परिजनों को बताया था. इसके बाद भी परिजनों ने उसे समझा कर वापस ससुराल भेज दिया था.
महिला के प्रति ससुराल पक्ष का अत्याचार कम नहीं हुआ. परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर ही महिला ने आत्महत्या कर ली.
महावीर नगर के थाना प्रभारी हरीश भारती ने कहा कि आत्महत्या करने वाली महिला की उम्र करीब 30 वर्ष है. पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि मृतक महिला के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके ससुराल के लोग दहेज के लिए उसे मारते पीटते थे और उसे परेशान करते थे. उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. साथ ही मृतका के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है.
