पुणे / छात्रों के बीच पहुंचे राहुल गांधी ने ली सेल्फी-‘आई लव यू मोदी’ कहते ही लगने लगे मोदी-मोदी के नारे

पुणे. चुनाव के इस मौसम में युवाओं को लुभाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शुकवार सुबह पुणे में एक कार्यक्रम में शामिल हुए। राहुल ने मौजूदा राजनीति के अलावा अन्य मुद्दों पर भी बात की। कार्यक्रम का संचालन मशहूर रेडियो जॉकी मलिश्का और मराठी फिल्मों के कलाकार सुबोध भावे ने किया। राहुल ने दोनों संचालकों के साथ सेल्फी ली तो कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।


इस दौरान लोकमान्य तिलक और बाल गंगाधर तिलक की बॉयोपिक पर काम कर चुके मराठी अभिनेता सुबोध भावे ने राहुल से पूछा कि मैं आपकी बायोपिक बनाना चाहता हूं। अभिनेत्री कौन होनी चाहिए? इस पर कांग्रेस अध्यक्ष ने जवाब दिया- मेरी शादी काम से हो चुकी है।
राहुल की सभा में मोदी-मोदी के नारे
कार्यक्रम के बीच में बेहद चौकाने वाला वाक्या भी देखने को मिला।उन्होंने संवाद के बीच में कहा- 'आई लव नरेन्द्र मोदी, लेकिन वो मुझे पसंद नहीं करते हैं। राहुल गांधी की ये बात कहते ही वहां मौजूद स्टूडेंट्स ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाना शुरू कर दिया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घोषणापत्र की तारीफ की
स्टूडेंट्स के बीच पहुंचे राहुल गांधी ने पार्टी के मेनिफेस्टो का भी जिक्र किया और कहा- जनता से बात करने के बाद ही हमने अपना मेनिफेस्टो तैयार किया है। इसके लिए युवा से लेकर बुजुर्ग तक और महिलाओं से लेकर किसानों तक सभी से बात की गई है।
