पुलिस थाना में मामला दर्ज होने के भय से युवक ने की खुदकुशी की कोशिश

मुंबई। दोस्तों द्वारा मजाक करने को सच मानते हुए एक युवक द्वारा खुदकुशी करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला मुंबई के दहिसर इलाके में सामने आया है. ताजुब की बात ये है कि घटना के दौरान युवक को अस्पताल ले जाने के बजाय वहां मौजूद लोग मोबाईल से वीडियो रेकार्डिंग में व्यस्त थे. इस प्रकरण की जांच दहिसर पुलिस कर रही है. मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला शेरबहादूर सिंग (३२) दहिसर में एक निजी कंपनी में बतौर सुरक्षा रक्षक के रूप में काम करता है. दहिसर पेट्रोल पंप के पास एस.वी.रोड पर वर्धमान इंडस्ट्रियल स्टेट परिसर में दो दिन पूर्व उसके कुछ मित्रों ने उससे मजाक करते हुए कहा कि `तुम्हारे खिलाफ पुलिस थाना में मामला दर्ज हुआ है, तुम्हें पुलिस पकड़ेगी और फांसी पर लटकायेगी.' इन बातों से घबराये शेरबहादूर सिंग ने शराब के नशे में एक पान दुकान से चाकू उठाकर अपने गले पर मारी. उस वक्त लोग उसे बचाने तथा अस्पताल ले जाने के बजाय मोबाईल से वीडियो रेकार्डिंग में व्यस्त थे. इस बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी. मौके पर पहुंची दहिसर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसकी हालत स्थिर है. एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस प्रकरण का मामला फ़िलहाल पुलिस ने दारज नहीं किया है. इस घटना की जांच पुलिस कर रही है. अगर शेरबहादूर को आत्महत्या के लिए उकसाने की बात सामने आएगी तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी.
