पुष्कर में 11 वर्षीय मासूम के साथ बलात्कार कर की हत्या, पहाड़ियों में मिला शव

अजमेर। राजस्थान की तीर्थनगरी पुष्कर इलाके में 11 साल की एक मासूम के साथ रेप कर उसकी हत्या कर दी गई। बालिका का शव पहाड़ियों में पड़ा मिला है। घटना से ग्रामीणों में जबर्दस्त आक्रोश फैल गया है। मासूम पुष्कर थाना इलाके की ही रहने वाली थी। वह सुबह करीब 10 बजे बकरियां चराने के लिये निकली थी। उसके बाद देर शाम तक वह घर नहीं लौटी। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात खोरी गांव के नजदीक बैजनाथ की पहाड़ियों में मासूम का शव पड़ा मिला। 
 पुलिस ने शव को पुष्कर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। बताया जा रहा है कि बालिका के साथ रेप किया गया है। उसके बाद पत्थरों से मार-मारकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात से आक्रोशित मृतका के परिजन और ग्रामीण अस्पताल में एकत्र हो गये हैं। उनकी मांग है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाये। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से फिर से रेप और गैंगरेप की वारदातों में तेजी से इजाफा होने लग गया है। मासूम बच्चियों को वहशी दरिंदे अपना शिकार बना रहे हैं। पिछले दिनों पूर्वी राजस्थान के करौली और भरतपुर में भी मासूमों के साथ रेप की वारदातें सामने आई हैं। लगातार बढ़ रहे बलात्कार के मामलों से गहलोत सरकार एक बार फिर से विपक्ष के निशाने पर आई हुई है।

Leave a Reply