पूर्व सरपंच की कुल्हाड़ी मारकर हत्या:

 

पूर्व सरपंच की कुल्हाड़ी मारकर हत्या:घर के बाहर सो रहे पूर्व सरपंच की हत्या, कातिल खून लगी कुल्हाड़ी लेकर खुद पहुंचा थाने, बोला मैंने हत्या की है

पिछोर के छपरा गांव में हत्या के बाद घटना स्थल पर जांच करती पुलिस, यहीं सो रहा था पूर्व सरपंच जब उसकी हत्या की गई
मृतक छपरा गांव से सरपंच का चुनाव लड़ने की कर रहा था तैयारी
वर्ष 2010 से 2015 तक रहा है सरपंच

डबरा के पिछोर स्थित छपरा गांव में घर के बाहर सो रहे 66 वर्षीय पूर्व सरपंच की आधी रात सिर में कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई है। हत्या करने के बाद कातिल खून लगी कुल्हाड़ी लेकर खुद थाने पहुंच गया। थाने में कातिल ने कहा कि मैंने हत्या की है। हत्या के कारण का खुलासा पुलिस नहीं कर रही है। मृतक और हत्या करने वाले अक्सर साथ ही बैठते थे। इस बार छपरा गांव में सरपंच की सीट OBC हुई है, इसलिए मृतक फिर से सरपंच के चुनाव की तैयारी कर रहा था। पुलिस को लग रहा है कि कहीं चुनाव को लेकर तो यह हत्या नहीं हुई है।

पूर्व सरपंच विजय सिंह जाट, इनकी गांव के ही कमल शाक्य ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी है, अभी यह सरपंच के चुनाव की तैयारी कर रहे थे।
पूर्व सरपंच विजय सिंह जाट, इनकी गांव के ही कमल शाक्य ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी है, अभी यह सरपंच के चुनाव की तैयारी कर रहे थे।
पिछोर थाना क्षेत्र के छपरा निवासी 66 वर्षीय विजय सिंह जाट गांव के पूर्व सरपंच हैं। गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात वह रोज की तरह अपने घर के बाहर सो रहे थे। रात करीब 2 बजे के लगभग पास ही रहने वाला कमल सिंह पुत्र सामलिया शाक्य आया और कुल्हाड़ी से विजय के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पूर्व सरपंच की चीख सुनकर पास ही सो रहे पंचम सिंह जाट, नरेन्द्र सिंह जाट वहां पर पहुंचे तो हमलावर कमल सिंह भाग निकला। हमलावर घटना के सीधे बाद खून से सनी कुल्हाड़ी हाथ में लेकर थाने पहुंच गया। पिछोर थाने में उसने हत्या कुबूल कर ली। इधर घायल विजय सिंह को तत्काल उपचार के लिए परिजन ग्वालियर लेकर आए, जहां पर विजय सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को निगरानी में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया है।

कहीं यह चुनावी रंजिश तो नहीं

मृतक इसी गांव से वर्ष 2010 से 2015 तक सरपंच रहा है। वर्ष 2015 में यह SC-ST के लिए रिजर्व सीट हो गई थी। पर इस बार पंचायत चुनाव में यह सीट OBC हो गई है, इसलिए विजय सिंह जाट फिर से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा था। उसका गांव में व्यवहार भी अच्छा था, इसलिए आम लोग उसके साथ थे। हत्या करने वाला कमल का दिनभर उसके साथ उठना बैठना था। कमल गांजे के नशे का आदी है। अब उसने यह कदम क्यों उठाया है यह फिलहाल साफ नहीं हो पा रहा है। पुलिस भी हत्या के कारणों का खुलासा अभी नहीं कर रही है। आशंका है कि कमल ने किसी के इशारे पर यह कदम उठाया हो।

हत्या आरोपी से पूछताछ नहीं हो पाई है

आरोपी कमल सिंह से पूछताछ नहीं हो पाई है। मृतक पूर्व सरपंच है और अभी चुनाव की तैयारी कर रहा था। हर नजरिए से पुलिस जांच कर रही है।

रमेश शाक्य, TI पिछोर थाना

Leave a Reply