पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, तीन जिलों से पहुंची दमकल, सांसत में पड़ी सैकड़ों यात्रियों की जान

राजस्थान में सीकर से चूरू जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के इंजन में रविवार सुबह अचानक आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि ट्रेन में मौजूद फायर फाइटिंग सिस्टम नाकाम साबित हुए. ट्रेन में करीब 2200 लीटर डीजल मौजूद था और आग बढ़ती ही जा रही थी और ट्रेन में सैकड़ों यात्रियों में हड़कंप मच गया. आग लगने का कारण प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. आग इंजन से जुडे़ यात्रियों से भरे डिब्बे तक पहुंच गई थी, ट्रेन रुकते ही यात्रियों ने डिब्बे में से कुदकर अपनी जान बचाई. हालांकि समय रहते ट्रेन से स्थानीय प्रशासन से मदद मागी गई और चूरू, झुंझुनूं से दमकल की गाड़ियां रवाना हो गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. इस हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.
जानकारी के अनुसार सीकर से चूरू जाने वाली ये पैसेंजर ट्रेन अपने नियमित रूट पर चूरू की ओर बढ़ रही थी. करीब 9 बजे ट्रेन चूरू कि बिसाऊ रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी. यहां से चूरू की ओर रवाना होने के कुछ देर बाद ही करीब 3 किलोमीटर दूर पर ट्रेन के इंजन ने आग पकड़ ली. आग लगने जानकारी लगते हुए चालक दल ने ट्रेन रोकते हुए तत्काल ट्रेन खाली करवाना शुरू कर दिया और साथ ही आग पर काबू पाने की काेशिश जारी रखी.
सूत्रों के अनुसार पैसेंजर ट्रेन में मौजूद अग्निशमन यंत्र मौके पर नकारा साबित हुए और काम नहीं आए. मौके से चालक दल ने स्थानीय प्रशासन में मदद मागी तो चूरू और झुंझुनूं से अग्निशमन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. काफी मशक्कत के बाद इंजन में लगी आग पर काबू पा लिया गया.
आग की सूचना पर चूरू डीएसपी, कोतवाली थानाधिकारी तथा सदर थानाधिकारी मय पुलिस जाप्ते के मौके पर पहुंचे और मौके से भीड़ को हटाया, वहीं दूसरी ट्रेन की सवारियों को चूरू पहुंचने के कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। एडिशनल एसपी प्रकाश शर्मा भी घटना की गंभीरता को देखते हुए पहुंचे. आपातकालीन टीम, एम्बुलेंस सहित कई निजि वाहन यात्रियों की सहायता के लिए पहुंच गए थे. शॉर्ट सर्किट का कारण तेज गर्मी बताया जा रहा है.
 

Leave a Reply