पौत्र की चाह में दादी ने पौत्री को जहर देकर मार दिया

राजकोट | जिले के गोंडल में पौत्र की चाह में दादी ने पौत्री को जहर पिलाकर मार दिया| पुत्र की शिकायत के आधार उसकी माता के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है| जानकारी के मुताबिक राजकोट जिले के गोंडल में मौवेया रोड के निकट रहनेवाला केतन रणछोड़भाई रैयाणी हीरा तराशने का काम करता है| चार साल पहले केतन रैयाणी की शादी महाराष्ट्र की संगीता के साथ हुई थी| केतन और संगीता के एक पुत्री कृष्णा है और 19 दिन पहले दूसरी पुत्री किंजल का जन्म हुआ था| एक दिन किंजल लगातार रो रही थी, इस पर उसकी माता या दादी ने चिकित्सक द्वारा लिखी दवाई पिलाई, लेकिन वह चूप नहीं हुई| शाम को जब केतन नौकरी से लौटा तब उसने भी किंजल को दवाई पिलाई, फिर भी वह रोती रही| इस पर केतन ने पुत्री किंजल को गोद में ले लिया| इस दौरान किंजल के मुंह से मोनोकोटो नामक दवाई की बदबू से केतन चौंक उठा और वह तुरंत पुत्री को लेकर गोंडल के अस्पताल पहुंच गया| जहां से अतिरिक्त उपचार के लिए किंजल को राजकोट रिफर किया गया| राजकोट के अस्पताल में किंजल की मौत हो गई| खबर मिलते ही गोंडल पुलिस पहुंच गई और केतन की शंका के आधार पर फोरेन्सिक पोस्टमार्टम करवाया| जिसमें उसकी मौत कीटनाशक दवाई होने का खुलासा हुआ| पुलिस ने मृतक के पिता केतन रैयाणी की शिकायत के आधार पर उसकी माता शांता रणछोडभाई रैयाणी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया| पूछताछ में शांता रैयाणी ने बताया कि केतन को एक पुत्री पहले से थी और वह चाहती थी कि दूसरे संतान के रूप में पुत्र हो| लेकिन दूसरी दफा भी पुत्री होने से उसने किंजल की जहरीली दवाई पिलाई थी|
