प्याज के बढ़ते दामों से त्रस्त जनता को गहलोत सरकार दे सकती है यह बड़ी राहत !

जयपुर. प्याज (Onion) के बढ़ते दामों से त्रस्त प्रदेश की जनता को अशोक गहलोत सरकार (Ashok Gehlot Government) बड़ी राहत (Relief) दे सकती है. जल्द ही इस संबंध में निर्णय कर उपभोक्ताओं (Consumers) को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध करवाने का फैसला लिया जा सकता है. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमेश मीणा (Minister Ramesh Meena) ने मंगलवार को इस बात के संकेत दिए हैं.
मुख्यमंत्री से चर्चा कर जल्द ही इसके बारे में फैसला होगा
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमेश मीणा ने कहा है कि इस संबंध में विचार चल रहा है. मुख्यमंत्री से चर्चा कर जल्द ही इसके बारे में फैसला होगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले में गंभीर है कि उपभोक्ताओं को किस तरह सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध करवाए जा सकते हैं ताकि उन्हें राहत मिल सके.
100 रुपये प्रति किलो तक में प्याज खरीदने पड़ रहे हैं
उल्लेखनीय है कि महंगे होते प्याज से आम लोग परेशान हैं और उन्हें 100 रुपये प्रति किलो तक में प्याज खरीदने पड़ रहे हैं. प्याज की बेकाबू हो रहे भावों को देखते हुए आम आदमी प्याज से लगभग दूर सा हो गया है. प्याज के अभाव में लोगों को स्वाद के साथ समझौता करना पड़ रहा है, लेकिन महंगाई पर उसका बस नहीं चल पा रहा है.
बड़े शहरों में प्याज की कीमतें 40 फीसदी तक बढ़ गई है
प्याज के थोक कारोबारियों का कहना है कि देशभर की मंडियों में अभी तक प्याज की आवक नहीं बढ़ पाई है. प्याज का स्टॉक आने में देरी की वजह से सप्लाई घट गई है. इसीलिए कीमतों में इतनी तेजी आई है. गत कुछ हफ्तों में देश के ज्यादातर बड़े शहरों में प्याज की कीमतें 40 फीसदी तक बढ़ गई है.
गहलोत सरकार राहत देने के लगातार कर रही है प्रयास
वहीं राजस्थान सरकार आम आदमी को राहत देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. मंगलवार को ही आम आदमी को राहत देने के लिए प्रदेश में राशन की दुकान पूरे माह खोलने का फैसला किया गया है. खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमेश मीणा ने बताया कि 1 से 15 तारीख तक दुकान पूरे दिन खुलेगी, जबकि 16 से 30 तारीख तक प्रतिदिन 3 घंटे दुकान खोली जाएगी ताकि उपभोक्ता किसी भी दिन आकर गेहूं ले सके.
