अकाउंटेंट के बाद स्कूल संचालक की भी मिली लाश, हत्या की आशंका

दुर्ग. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दुर्ग (Durg) जिले में दोहरे हत्याकांड (Double Murder) से सनसनी फैल गई है. शहर के एक निजी स्कूल (Private School) संचालक की लाश मिली है. सोमवार को इसी स्कूल के अकाउंटेंट का भी शव मिल चुका है. बताया जा रहा है कि दोनों की हत्या का पैटर्न भी बिलकुल एक समान है. दोनों के सिर पर किसी तेजधार हथियार से वार किया गया है. जानलेवा हमले से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई होगी, ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस (Police) के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

डबल मर्डर से हड़कंप

शहर के निजी स्कूल के अकाउंटेंट का शव मिलने के बाद अब उसी स्कूल के संचालक की भी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. मिली जानकारी के मुताबिक शव श्रेया पब्लिक स्कूल भिलाई के संचालक विजय नंदा वानखेड़े की है. दोनों की हत्या करने की बात सामने आ रही है. कहा जा रहा है कि संचालक सोमवार से लापता था.

नहर के पास मिली लाश

जानकारी के मुताबिक स्कूल संचालक की लाश रनचिरई थाना क्षेत्र के तांदुला नहर के पास से मिली है. तो वहीं सोमवार को स्कूल के अकाउंटेंट की लाश अंडा थाना क्षेत्र के एक खेत में मिली थी. बताया जा रहा है कि दोनों के सिर पर चोट के निशान है. दोनों की हत्या करने का तरीका भी एक जैसा ही बताया जा रहा है.

स्कूल के एकाउंटेंट की पहले ही हो चुकी है हत्या
बता दें कि अंडा थाना क्षेत्र के एक खेत में स्कूल के अकाउंटेंट की लाश मिली थी. बताया जा रहा है कि सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की गई है. अकाउंटेंट और संचालक किसी काम से सोमवार को साथ में निकले थे. लेकिन दोनों वापस घर नहीं आए. उनकी गाड़ी भी सड़क पर लावारिस हालत में मिली थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply