प्रदेश के सभी नगरीय निकायों की सर्विस लेवल बेंचमार्किंग जारी

भोपाल।शिवराज सरकार ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों की सर्विस लेवल बेंचमार्किंग जारी कर दी है। इसमें वर्ष 2021 के लक्ष्य भी दिये गये हैं। केंद्रीय वित्त आयोग का अनुदान प्राप्त करने के लिये ऐसा करना जरुरी होता है तथा प्रत्येक नगरीय निकाय को अपनी अब तक की उपब्धियों और आगामी वर्ष के लक्ष्यों को बताना होता है। चार नगरीय निकायों यथा जबलपुर, सतना, सिंगरौली, छिन्दवाड़ा एवं छतरपुर में गये साल क्या स्थिति रही तथा इस साल क्या लक्ष्य रहेंगे, यह भी इसमें बताया गया है।
जबलपुर नगर निगम :
जारी बेंच मार्किंग में बताया गया है कि जबलपुर नगर निगम को वर्ष 2019-20 में सौ में से 80 प्रतिशत जन शिकायतों का निवारण करना था परन्तु उसने मात्र 53 प्रतिशत शिकायतों का ही निराकरण किया। अब वर्ष 2020-21 में उसे 55 प्रतिशत शिकायतों के निवारण का लक्ष्य दिया गया है। इसी प्रकार, जबलपुर में 50 प्रतिशत सीवेज तंत्र की स्थापना का लक्ष्य के विरुध्द 32 प्रतिशत ही किया गया और अब उसे फिर से 50 प्रतिशत का लक्ष्य दिया गया है। वहीं जलापूर्ति 24 घण्टे करने के लक्ष्य के विरुध्द 4 घण्टे की जलापूर्ति की गई और अब पुन: 4 घण्टे का लक्ष्य दिया गया है।
सतना नगर निगम :
सतना नगर निगम में सौ प्रतिशत जन शिकायतों का निराकरण किया और उसे पुन: इस लक्ष्य को बरकरार रखने के लिये कहा गया है। इसी प्रकार, सतना में सीवेज तंत्र की स्थापना का लक्ष्य जीरो रखा गया और वह इस पर कायम भी रहा तथा अगले वर्ष का लक्ष्य भी जीरो दिया गया है। वहीं जलापूर्ति 2 घण्टे करने के लक्ष्य के विरुध्द 2 घण्टे की जलापूर्ति की गई और अब पुन: 2 घण्टे का लक्ष्य दिया गया है।
छिन्दवाड़ा नगर निगम :
छिन्दवाड़ा नगर निगम में सौ प्रतिशत जन शिकायतों का निराकरण किया और उसे पुन: इस लक्ष्य को बरकरार रखने के लिये कहा गया है। इसी प्रकार, छिन्दवाड़ा में सीवेज तंत्र की स्थापना का लक्ष्य सौ प्रतिशत रखा गया और वह इस पर कायम भी रहा तथा अगले वर्ष का लक्ष्य भी इतना ही रखा गया है। जलापूर्ति 24 घण्टे करने के लक्ष्य के विरुध्द 1 घण्टे की जलापूर्ति की गई और अब पुन: 24 घण्टे का लक्ष्य दिया गया है।
सिंगरौली नगर निगम :
सिंगरौली नगर निगम में सौ में से 96 प्रतिशत जन शिकायतों का निराकरण किया और उसे पुन: उसे 96 प्रतिशत का ही लक्ष्य दिया गया है। इसी प्रकार, सिंगरौली में सीवेज तंत्र की स्थापना का लक्ष्य 30 प्रतिशत रखा गया और वह इस पर कायम भी रहा तथा अगले वर्ष का लक्ष्य 40 प्रतिशत रखा गया है। वहीं जलापूर्ति 3 घण्टे करने के लक्ष्य के विरुध्द 3 घण्टे की जलापूर्ति की गई और अब पुन: 3 घण्टे का लक्ष्य दिया गया है।
छतरपुर नगर पालिका :
छतरपुर नगर पालिका में सौ में से 100 प्रतिशत जन शिकायतों का निराकरण किया और उसे पुन: उसे सौ प्रतिशत का ही लक्ष्य दिया गया है। इसी प्रकार, छतरपुर में सीवेज तंत्र की स्थापना का कोई लक्ष्य नहीं रखा गया और न ही ऐसा कोई तंत्र बनाया गया एवं अगले वर्ष के लिये भी कोई लक्ष्य नहीं दिया गया है। जलापूर्ति 4 घण्टे करने के लक्ष्य के विरुध्द 2 घण्टे की जलापूर्ति की गई और अब पुन: 3 घण्टे का लक्ष्य दिया गया है।
