फर्जी पोस्‍टमार्टम मामले में आरोपी डॉक्‍टर गिरफ्तार

सोनीपत । हरियाणा के सोनीपत जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने जनरल अस्पताल के डॉक्टर अंबुज जैन को गिरफ्तार कर लिया है। हिमाचल प्रदेश के नाहन से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, आरोपी डॉक्टर को अदालत में पेश करने के बाद 3 दिन के लिए रिमांड पर लिया गया है। डॉक्टर पर आरोप है कि वह कैंसर पीड़ितों की मौत के बाद उसे हादसा दिखाने के लिए पोस्टमार्टम करता था। इतना ही नहीं वह एक पोस्टमार्टम के लिए डेढ़ लाख रुपए लेता था। गौरतलब है कि इसके साथ ही जनरल अस्पताल के 7 डॉक्टरों पर संलिप्तता का शक गहरा गया है। जानकारी के अनुसार इसके लिए डॉक्टर सोनीपत के साथ ही रोहतक और बहादुरगढ़ के डॉक्टरों से भी सेटिंग करता था। दरअसल, बीमा कंपनी के पदाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी थी कि कुछ लोग कैंसर पीड़ित की मौत के बाद उसे सड़क हादसा दिखाकर करोड़ों रुपए का क्लेम कर हड़प लेते हैं। इस पर एसटीएफ की सोनीपत इकाई ने बीते 19 अप्रैल को गिरोह के 3 सदस्यों को पकड़ा था, जिसमें सरगना गांव सेवली निवासी पवन, रिंढाना निवासी मोहित और गुमाना निवासी विकास शामिल थे।
पुलिस ने कैंसर पीड़ित महिला की मौत के बाद उसका क्लेम ले चुके आरोपी बेरी गांव निवासी चांद, मूलरूप से हिसार के गांव धर्मखेड़ी फिलहाल रोहतक के सेक्टर-2 का रहने वाले पदम खर्ब, धर्मखेड़ी के रहने वाले नरेश और लिवासपुर के रहने वाले जोनी सरोहा को पकड़ा था। बता दें कि मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल अंबुज जैन की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ बीते 2 माह से प्रयास कर रही थी।
फिलहाल पुलिस टीम अब उन डॉक्टरों का भी पता लगाएगी, जो इसमें शामिल हैं। वहीं पूछताछ के दौरान उन डॉक्टरों के नाम सामने लाने के साथ ही पोस्टमार्टम के बदले ली गई रकम को भी बरामद किया जाएगा।
बता दें कि आरोपी डॉक्टर ने पहले कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगा दी थी, लेकिन सेशन कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया था, जिसके बाद वह अपने ससुराल झारखंड में जाकर छिप गया था।  इसके बाद वह हिमाचल में अपने साथ एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाले डॉक्टरों के पास रहा, जहां से पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है।बहरहाल, पूछताछ में कई तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply