फांसी पर लटका मिला गोदाम प्रभारी का शव

भोपाल । प्रदेश के डिंडौरी जिला मुख्यालय के मंडला बस स्टैंड स्थित विपणन संघ कार्यालय में गोदाम प्रभारी ने संदिग्ध परिस्थति में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि गोदाम प्रभारी रात से ही गायब था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोदाम प्रभारी केशव प्रसाद मोगरे का शव रविवार की सुबह फांसी में लटका मिला। रात से ही गायब मोगरे को सुबह जब परिजन ढूंढते हुए उनके कार्यालय पहुंचे तो शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मालूम हो कि समनापुर स्थित विपणन संघ के गोदाम से 2064 बोरी धान और 24 बोरी डीएपी खाद गायब होने के मामले में गोदाम प्रभारी पर उगलियां उठ रही थी। वहीं डीएमओ एसके गबले और उनका रिश्तेदार जो गोदाम का चौकीदार था, अयोध्या गवले दोनों की मिलीभगत से यह बड़ा खेल होने के आरोप गोदाम प्रभारी केशव दास मोगरे भी लगा रहे थे। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। गौरतलब है कि जनपद मुख्यालय समनापुर स्थित विपणन संघ के गोदाम से 2064 बोरी धान और 24 बोरी डीएपी खाद गायब होने का मामला सामने आया था। इस मामले में गोदाम के चौकीदार सहित जिला विपणन संघ अधिकारी एसके गबले की भूमिका पर भी लगातार सवाल उठ रहे थे। गोदाम प्रभारी केशव प्रसाद मोगरे पर भी डीएमओ द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के चलते यह मामला लगातार तूल पकड़ रहा था। शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने भी इस मामले में जिम्मेदारों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर कलेक्टर को पत्र सौंपा गया था। लगभग 15 लाख की धान गोदाम से गायब होने के मामले में समनापुर में संचालित राइस मिलर्स की बड़ी भूमिका बताई जा रही है। गोदाम प्रभारी द्वारा इस तरह का कदम उठाने से पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
